जालंधर (द स्टैलर न्यूज़)। थाना सदर के अधीन पड़ते जमशेर खास में सोमवार सुबह गुरूद्वारा श्री गुरू सिंह सभा में माथा टेकने आए एक व्यक्ति को गोलीयां मारकर हत्या करने का समाचार प्राप्त हुआ है। जिसके तुरंत बाद हत्यारोपी फरार हो गए। मृतक की पहचान मान सिंह पुत्र सतनाम सिंह निवासी गांव जमशेर खास के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक मान सिंह पंचायत के पूर्व सदस्य भी थे।
इस घटना संबंधी सूचना मिलते ही डी.सी.पी सिटी-2 अश्विनी कुमार, एसीपी जालंधर कैंट धर्मपाल तथा थाना सदर के इंचार्ज कमलजीत सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे और शव कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक मान सिंह सुबह गुरूद्वारा माथा टेकने गया था कि रास्ते में मोटरसाइकिल सवारों ने उसको गोलियां मारकर हत्या कर दी। जांच अनुसार पता चला है कि मृतक को 3 गोलियां मारी गई, जोकि एक उसके छाती, एक कंधे और एक कलाई पर लगी। अभी हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।