
तलवाड़ा (द स्टैलर न्यूज़),रिपोर्ट: प्रवीण सोहल। कंडी नहर टूटने से परेशानी झेल रहे किसानों को अब जल्द ही राहत मिल जाएगी। गत 16 अगस्त को नहर के टूटे हिस्से की मरम्मत शुरू हो गई थी। इससे पहले भी नहर टूटने के मुद्दे को द स्टैलर न्यूज़ के माध्यम से उठाया गया था। जिसके माध्यम से किसानों की परेशानी और अधिकारियों की ढीली कार्यप्रणाली का खुलासा किया गया था। जिसके बाद मौजूदा विधायक अरुण डोगरा ने इसका कड़ा संज्ञान लिया था और सिचाई मंत्री सुखविदर सिंह सरकारिया ने मौके पर जाकर नहर का नीरिक्षण किया था और विभाग को तत्काल प्रभाव से मरम्मत के आदेश दिए थे। जिसके चलते नहर के किनारे की मरम्मत शुरू हो गया और चालीस फीट गहरा गड्ढा भरा गया और आधी अधूरी लाइनिंग का काम करने के बाद नहर में पानी छोड़ा गया, ताकि किसानों को धान की फसल की सिचांई के लिए पानी मिल सकें।


लेकिन, कुछ दिन पहले नहर में पानी फिर से बंद कर दिया गया और अब कई दिनों बाद फिर से लाइनिंग का काम शुरू किया गया है। नहर टूटने के कारण दातारपुर से गढ़शंकर तक किसानों की हजारों एकड़ फसल पर संकट के बादल मंडरा रहे थे। किसान दलजीत सिंह, किशन कुमार, दलजीत सिंह ने बताया कि अब गेहूं की बिजाई का समय है और जमीन सूखी हुई है। पानी मिलने पर ही जमीन तैयार करने के बाद गेहूं की बिजाई होगी। इसलिए उन्होंने मांग की कि किसानों की परेशानी को देखते हुए नहर में सिंचाई के लिए पानी छोड़ा जाए।
वहीं, इस मौके पर भाजपा नेता कैप्टन रविद्र शर्मा, राजिंदर कुमार छोटू प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, हरजीत सिंह, ललित, प्रेम चौधरी व अन्य ने मांग की कि नहर की मरम्मत सही तरीके से की जाए ताकि किसानों को गेहूं की फसल की सिचांई के लिए अनवरत पानी मिलता रहे। उन्होंने मांग की कि मरम्मत का काम जल्द समाप्त करके नहर का संचालन सुचारू रूप से किया जाए ताकि बलाचौर तक के हजारों किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिल सके। भूमि रक्षा विभाग के एसडीओ राजेश शर्मा ने बताया कि एसडीओ नहर विभाग हरप्रीत सिंह की तरफ से मरम्मत का काम चल रहा है। जिससे कंडी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ी क्षेत्र में भी सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि इस योजना से 15 गांव लाभांवित होंगे। उन्होंने कहा कि पहले नहर की मरम्मत की गई थी जिसके बाद पानी छोड़ा गया था ताकि, मरम्मत की जांच की जा सके। उन्होंने बताया कि इस दौरान किसानों को सिंचाई करने के लिए पानी मिला था, लेकिन अभी मरम्मत का काम किया जा रहा है इसलिए पानी बंद कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि अगर फिर से पानी छोड़ा गया तो पानी का बहाव तेज होने के कारण अभी नहर के दोबारा टूटने का खतरा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही नहर की मरम्मत के काम को पूरा करके कंडी क्षेत्र के लोगों को समर्पित की जाएगी।












