
बछवाड़ा(द स्टैलर न्यूज़)। समाजसेवा का जुनून जब सवार होता है तो इस सकारात्मकता पर सामथ्र्य कमजोर पड़ जाती है। उक्त पंक्ति को सच साबित करते हुए झमटिया गांव निवासी एक मजदूर ने समाजसेवी कृतित्व को अंजाम दिया। बताते चलें कि स्थानीय निवासी राजेश ठाकुर गोदाम में बोरा ढोने का कार्य करता है। उसने अपनी गाढ़ी कमाई के पैसे से रानी एक पंचायत के वार्ड 10 दलित मोहल्ले में छठ व्रतियों को साड़ी एवं फल समेत अन्य सामग्रियों का वितरण किया है।

ग्रामीणों ने बताया कि उक्त मजदूर ने लगभग 50 गरीब छठ व्रतियों को साड़ी, फल समेत अन्य सामान प्रदान किया है। साथ ही लोगों ने बताया कि राजेश ठाकुर स्वयं प्रखंड मुख्यालय के गोदाम में दैनिक मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। मगर उक्त मजदूर के इस सकारात्मक कार्य से गांव में उसकी खूब प्रसंशा हो रही है। इस अवसर पर उप मुखिया मनोज कुमार राय, वार्ड सदस्य रंजीत यादव, पूर्व वार्ड सदस्य शंकर मल्लिक समेत ग्रामीण मौजूद थे।












