भाजपा को झटका: कमल छोड़ सुनील दत्त पराशर ने थामा हाथ, मंत्री अरोड़ा ने किया स्वागत

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। नगर निगम चुनावों में जहां भाजपा जहां 50 में से मात्र 4 सीटों पर ही सिमट कर रह गई वहीं चुनाव के एक माह बाद उसे बड़ा झटका लगा है। वार्ड नंबर 6 से भाजपा उम्मीदवार रहे सुनील दत्त पराशर कमल का साथ छोड़ हाथ से दोस्ती करते हुए कांग्रेस में शामिल हो गए। उनके कांग्रेस में शामिल होने पर कैबिनेट मंत्री सुन्दर शाम अरोड़ा ने उनका पार्टी में स्वागत किया और उन्हें बनता मान सम्मान देने की बात कही।

Advertisements

इस मौके पर सुनील दत्त पराशर ने कहा कि शहर के विकास एवं जनभलाई हेतु कांग्रेस की नीतियों के साथ-साथ श्री अरोड़ा द्वारा करवाए जा रहे विकास कार्यों का उनपर काफी प्रभाव पड़ा है। इसके चलते ही उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने का मन बनाया और उन्हें खुशी है कि श्री अरोड़ा पूरी गंभीरता से शहर की भलाई को प्राथमिकता दे रहे हैं। दूसरी तरफ भाजपा कई मुद्दों पर फेल साबित हुई है और उसे जनभलाई से कोई लेना देना नहीं है।

इस अवसर पर पार्टी में श्री पराशर का स्वागत करते हुए मंत्री अरोड़ा ने कहा कि सुनील दत्त पराशर एक समाज सेवक के रुप में जाने जाते हैं और ऐसे व्यक्तित्व के लोगों का कांग्रेस सदैव सम्मान करती आई है। उन्होंने कहा कि सुनील दत्त पराशर के कांग्रेस में शामिल होने से निश्चित तौर पर पार्टी को लाभ मिलेगा तथा उन्हें उम्मीद है कि श्री पराशर भी कांग्रेस की नीतियों को आगे बढ़ाते हुए जनसेवा को समर्पित रहेंगे। श्री अरोड़ा ने कहा कि आज देश की जनता केन्द्र की बागदौड़ भाजपा को सौंप पछता रही है और इसी के चलते आज देश की जनता भाजपा को नकारने लगी है। उन्होंने कहा कि शहर में जहां विकास कार्यों की गति को रुकने नहीं दिया जाएगा वहीं सभी कार्य समयबद्ध तरीके से संपन्न करवाए जाएंगे।

इस मौके पर नगर सुधार ट्रस्ट के चेयरमैन एडवोकेट राकेश मरवाहा, तिलक राज गुप्ता, मलकीयत सिंह मरवाहा, शादी लाल, मनमोहन सिंह कपूर, अनिल कुमार सोनू, गुलशन राय, राजिंदर परमार, अरुण कुमार अरना, चरनजीत सिंह अरोड़ा आदि मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here