Monday, November 2, 2026
Home Hoshiarpur कोरोना मुक्त गांव अभियान की शुरुआत: जिले के अलग-अलग गांवों में कोविड...

कोरोना मुक्त गांव अभियान की शुरुआत: जिले के अलग-अलग गांवों में कोविड टीकाकरण व टैस्टिंग कैंप आयोजित

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। जिला प्रशासन की ओर से कोरोना मुक्त गांव अभियान की शुरुआत करते हुए आज ग्रामीण क्षेत्रों में जिले के सिविल व पुलिस अधिकारियों की देखरेख में कोविड टीकाकरण, टैस्टिंग व जागरुकता अभियान की चरणबद्ध तरीके से शुरुआत की गई। जानकारी देते हुए जिलाधीश अपनीत रियात ने बताया कि गांवों की पंचायतों व गांव वासियों के सहयोग से जिले के सभी सब डिविजनों में संबंधित एस.डी.एम्ज की ओर से इस अभियान पूरे उत्साह से हिस्सा लेते हुए इसकी शुरुआत करवाई गई। उन्होंने कहा कि इस अभियान के अंतर्गत गांवों में पैर पसार रहे कोविड-19 को सभी के संयुक्त प्रयासों व कोविड निर्देशों का मुकम्मल पालन करवा कर रोका जाएगा। उन्होंने कहा कि पंचायतों की ओर से कोरोना की पहली लहर के दौरान भी वायरस की रोकथाम के लिए अहम प्रयास किए गए हैं व अब दोबारा पंचायतें कोरोना मुक्त गांव अभियान को पूरी तरह कामयाब करने के लिए आगे आएं ताकि ग्रामीण क्षेत्रों से इस वायरस का खात्मा किया जा सके। जिलाधीश ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग, पंचायतों, जी.ओ.जीज व विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने इस अभियान को और ज्यादा मजबूती दी है, जिसके चलते जहां जागरुकता फैलाने में आसानी रही वहीं अधिक से अधिक लाभार्थियों का टीकाकरण व टैस्टिंग भी की गई।

Advertisements

आज ब्लाक चक्कोवाल में एस.डी.एम होशियारपुर अमित महाजन की ओर से विशेष तौर पर दौरा किया गया। गांव मुंडियां रंगड़ा में निरीक्षण के दौरान उनके साथ डी.एस.पी गुरप्रीत सिंह व एस.एम.ओ डा. बलदेव सिंह भी मौजूद थे। दसूहा में एस.डी.एम रणदीप सिंह व डी.एस.पी मुनीश कुमार की ओर से गांव छांगला व उस्मान शहीद, मुकेरियां में एस.डी.एम अशोक कुमार व डी.एस.पी रविंदर सिंह ने अलग-अलग गांवों का दौरा कर लोगों को जागरुक किया। इसी तरह गढ़शंकर में एस.डी.एम हरबंस, उड़मुड़ टांडा में सचिव आर.टी.ए प्रदीप सिंह ढिल्लों व चब्बेवाल में सहायक आबकारी कमिश्नर अवतार सिंह कंग के नेतृत्व में टीमों ने जहां लोगों का टीकाकरण किया वहीं उन्हें कोविड बचाव संबंधी स्वास्थ्य हिदायतों के बारे में भी जागरुक किया।

जिलाधीश अपनीत रियात ने लोगों को जागरुक करते हुए कहा कि पंजाब सरकार की ओर से टीकाकरण अभियान को तेज करने के लिए कोरोना मुक्त अभियान की शुरुआत की गई है। इसके अंतर्गत 100 प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य पूरा करने वाले हर गांव को 10 लाख रुपए की विकास ग्रांट दी जाएगी । इसके लिए गांव की पंचायते इस अभियान में बढ़ चढ़ कर अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि कोविड-19 वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित है। इस लिए सभी योज्य व्यक्ति अपने व अपनों की सुरक्षा के लिए जल्द से जल्द कोरोना के खिलाफ टीकाकरण जरुर करवाएं। उन्होंने कहा कि कोविड का टीकाकरण प्रतिरोधक प्रणाली को मजबूत बनाने के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है। इस लिए अफवाहों पर विश्वास न करें बल्कि अपना कोविड-19 टीकाकरण जरुर करवाएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here