
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब की कांग्रेस सरकार मुख्य मंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह की अगुवाई में प्रदेश को खुशहाल बनाने हेतु पूरी तरह से प्रयासरत हो चुकी है। एक तरफ जहां इंडस्ट्री को राहत देने के लिए सरकार ने बिजली 5 रुपये प्रति यूनिट की है तथा और इंडस्ट्री लगने हेतु भी प्रयास किए जा रहे हैं ताकि बेरोजगारी की समस्या को दूर किया जा सके। उक्त बात प्रदेश यूथ कांग्रेस अध्यक्ष अमरप्रीत सिंह मंटू लाली ने होशियारपुर में पत्रकारों के साथ विशेष बातचीत में कही।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने चुनाव घोषणा पत्र में जो-जो वायदे किए थे उन पर तेजी से कार्य किया जा रहा है और सरकार ने किसानों के कर्ज माफ करने का जो निर्णय लिया है वो इन वायदों में से एक था। अमरप्रीत सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा युवाओं को स्मार्ट फोन देने का जो वायदा किया गया था उसे जल्द पूरा किया जाएगा तथा दीपावली से स्मार्ट फोन देने की मुहिम का शुभारंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में नशों की रोकथाम के लिए सरकार द्वारा सख्त निर्देश जारी किए गए हैं तथा प्रशासनिक कार्यों में राजनीतिक दखल कम करके सरकार ने जनता को राहत दी है वहीं दूसरी तरफ प्रशासनिक अधिकारी और भी बेहतर ढंग से जनता को सेवाएं प्रदान कर पा रहे हैं।
अमरप्रीत ने कहा कि सरकार अपने हर वायदे को जल्द से जल्द पूरा करना चाहती है, परन्तु पिछली अकाली-भाजपा सरकार ने सत्ता में रहते हुए जो हानि प्रदेश व खजाने को पहुंचाई है उसके चलते थोड़ी देरी जरुर हो रही है। मगर सरकार प्रदेश व यहां के निवासियों की खुशहाली के लिए दिन रात एक करके काम कर रही है।












