
कपूरथला (द स्टैलर न्यूज़) रिपोर्ट: कुमार गौरव। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को कैमरे के शौकीन व इश्तिहार का दीवाना बताते हुए आम आदमी पार्टी के जिला प्रधान गुरपाल सिंह इंडियन ने कहा कि मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को लाइट और कैमरा तो पसंद है, लेकिन वह नो एक्शन वाले सीएम हैं। मुख्यमंत्री चन्नी ने गुलाबी सुंडी से प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर बठिंडा के दो किसानों के साथ फोटो खिंचवाई और उन तस्वीरों को पंजाब भर में दीवारों पर, बसों के पीछे व बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन समेत अन्य जगहों पर लगे होर्डिंग पर लगवा प्रचार-प्रसार तो खूब किया, लेकिन उन किसानों को मुआवजा अब तक नहीं मिला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चन्नी भी कैप्टन अमरिंदर सिंह की राह पर निकल पड़े हैं, क्योंकि कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी मुख्यमंत्री रहते समय किसानों का कर्ज माफी का अभियान चलाकर किसान बुद्ध सिंह के साथ फोटो खिंचवाई थी, जिस पर करीब ढाई लाख रुपये का कर्ज था, लेकिन उस कर्ज को भी माफ नहीं किया गया था। उन्होंने कहा कि गुलाबी सुंडी से प्रभावित किसान बलविंदर सिंह खालसा को झप्पी तो डाली, लेकिन मुआवजे के नाम पर उन्हें एक फूटी कौड़ी तक नहीं दी।

गुरपाल सिंह इंडियन ने कहा कि किसानों की फोटो की नुमाइश करके वोट नहीं मिलती, मुआवजा देकर और काम करके वोट मिलती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चन्नी ने किसानों का इस्तेमाल यूज एंड थ्रो की नीति से किया, जो बड़ा दुखदायी है। गुरपाल सिंह इंडियन ने मुख्यमंत्री चन्नी से कहा कि वह अपनी ड्रामेबाज की छवि से उबरकर काम पर ध्यान दें, नहीं तो जैसे कैप्टन का पतन हुआ, पंजाब का किसान चन्नी को भी कुर्सी से हटा देगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार लोगों से झूठे वादे करती है और सरकार ने राज्य में लूट, पिटाई और लोगों को डराने, धमकाने के पूर्व शिअद-भाजपा सरकार के सभी रिकार्ड तोड़ दिए हैं। केंद्र सरकार के नक्शेकदम पर चलते हुए प्रदेश सरकार भाजपा और अकाली दल के साथ अपने गठबंधन के प्रत्यक्ष प्रमाण पेश कर रही है।











