
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा अमृतसर के गांधी मैदान में करवाए जा रहे सीनियर टी-20 इंटर डिस्ट्रिक्ट टूर्नामैंट के ग्रुप-सी में होशियारपुर की टीम ने फिरोजपुर को 9 विकेट से हराकर जीत अर्जित की। इस संबंधी जानकारी देते हुए एचडीसीए के सचिव डा. रमन घई ने बताया कि 18-18 ओवरों के मैच में फिरोजपुर की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 18 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 118 रन बनाए।

जिसमें अमनप्रीत का 41 व उतेजित हंस का 20 रन का योगदान रहा। होशियारपुर की ओर से गेंदबाजी करते हुए कुलबीर सिंह ने 3, अर्जुन ने 2, करण सैनी व रजत शर्मा ने 1-1 खिलाड़ी को आउट किया। जीत के लिए 18 ओवरों में 119 रन का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरी होशियारपुर की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 16.2 ओवरों में एक विकेट के नुकसान पर 119 रन बनाकर 9 विकेट से इस लीग मैच में जीत हासिल कर 4 रन अर्जित किए। होशियारपुर की तरफ से शानदार बल्लेबाजी करते हुए रमन अरोड़ा ने 51 नटआउट, कप्तान अर्जुन कुमार ने 33 रन नटआउट व करण चावला ने 31 रन का योगदान दिया।
डा. रमन घई ने बताया कि होशियारपुर का अगला मैच 9 सितंबर को अमृतसर के साथ खेला जाएगा। होशियारपुर की इस जीत पर एचडीसीए के अध्यक्ष डा. दलजीत खेला ने समूह एसोसिएशन के सदस्यों की तरफ से कोच दलजीत सिंह, कोच दीपक कुमार, कोच दलजीत धीमान व ट्रेनर कुलदीप धामी एवं खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं देते हुए बधाई दी। इस अवसर पर होशियारपुर की जिला महिला कोच दविंदर कौर ने भी होशियारपुर की जीत पर टीम को बधाई दी।











