Friday, October 30, 2026
Home Chandigarh पंजाब सरकार द्वारा आदमपुर (जालंधर), पठानकोट, साहनेवाल और बठिंडा हवाई अड्डों से...

पंजाब सरकार द्वारा आदमपुर (जालंधर), पठानकोट, साहनेवाल और बठिंडा हवाई अड्डों से घरेलू उड़ानें फिर शुरू करने की माँग

चंडीगढ़, (द स्टैलर न्यूज़)। मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने आज भारत सरकार को आदमपुर ( जालंधर), पठानकोट, साहनेवाल और बठिंडा हवाई अड्डों से घरेलू उड़ानें फिर शुरू करने की अपील की। प्रमुख सचिव, नागरिक उड्डयन राहुल भंडारी ने आज यहाँ उड़ान, कृषि उड़ान, विमानन सुरक्षा, हवाई अड्डों, ग्रीनफील्ड एयरपोर्टस, हैलीपोर्ट और वाटर ऐरोड्रोमज़ के विकास के बारे राज्यों/ केंद्र शासित प्रदेशों के साथ आयोजित एक इंटरऐकटिव सैशन में हिस्सा लिया। उन्होंने इस मामले की ज़ोरदार ढंग से पैरवी करते हुये कहा कि यह हवाई अड्डे भारत सरकार की क्षेत्रीय संपर्क सेवा का हिस्सा थे। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट के दौरान इन हवाई अड्डों से सेवाएं बंद कर दी गई थीं। उन्होंने आगे कहा कि इससे क्षेत्र में हवाई संपर्क को बड़ा झटका लगा है, जिससे यात्रियों को बहुत असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।

Advertisements

प्रमुख सचिव ने कहा कि भारत सरकार को इन हवाई अड्डों से तुरंत उड़ानें शुरू करनी चाहिएं। उन्होंने कहा कि यह उड़ानें फिर शुरू होने से देश भर में सीधा हवाई संपर्क यकीनी बनाने के साथ-साथ लोगों के समय, पैसे और ऊर्जा की बचत होगी। राहुल भंडारी ने कहा कि इससे क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा। एक अन्य मुद्दा उभारते हुये प्रमुख सचिव ने भारत सरकार को हलवारा हवाई अड्डे पर सिवल टर्मिनल के निर्माण के काम में तेज़ी लाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की तरफ से इसके लिए ज़मीन पहले ही दी जा चुकी है और 46 करोड़ रुपए की लागत के साथ मुकम्मल होने वाले इस प्रोजैक्ट पर काम शुरू हो चुका है। राहुल भंडारी ने कहा कि इसको जल्द मुकम्मल करने के लिए काम में तेज़ी लाना समय की मुख्य ज़रूरत है।

एक अन्य मुद्दे संबंधी बात करते हुये प्रमुख सचिव ने अफ़सोस ज़ाहिर किया कि शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, चंडीगढ़ का टर्मिनल ज़िला एस. ए. एस. नगर, मोहाली में पड़ती ज़मीन पर बनाया गया है, परन्तु बदकिसमती से हवाई अड्डे के नाम से मोहाली का नाम गायब है। उन्होंने भारत सरकार को अवगत करवाया कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पहले ही इस हवाई अड्डे के नाम में मोहाली शहर का नाम शामिल न करने के लिए रोष प्रकट कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस जायज माँग की तरफ ध्यान दिया जाना चाहिए, जिससे पंजाबियों की लम्बे समय से चली आ रही माँग पूरी हो जायेगी। प्रमुख सचिव ने इस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अन्य अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने की भी माँग की। उन्होंने कहा कि इस विश्व स्तरीय हवाई अड्डे की छवि संवारने के लिए पहले ही 450 करोड़ रुपए से अधिक का ख़र्च किया जा चुका है। राहुल भंडारी ने कहा कि और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू होने से विदेशों में रहते पंजाबी भाईचारे को अपनी जड़ों के साथ जुड़े रहने में और मदद मिलेगी और पंजाब के साथ-साथ जम्मू- कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड और अन्य राज्यों के लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here