
होशियारपुर, (द स्टैलर न्यूज़)। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एक्ट 2013 को जिले के अंदर प्रभावशाली ढंग से लागू करवाने के लिए पंजाब फूड कमिशन की सदस्य प्रीति चावला ने आज होशियारपुर के ब्लाक गढ़शंकर के अंतर्गत धमाई, बगवाई, महिताबपु, बोड़ा के सरकारी स्कूलों व आंगनवाड़ी सैंटरों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने औचक निरीक्षण के दौरान सरकारी स्कूलों में मिड डे मील स्कीम के अंतर्गत स्कूलों के लाभार्थियों का विवरण, मिड डे मील के स्टोरों, खाना बनाने के स्थानों व बनाए हुए खाने की चैकिंग की।

पंजाब फूड कमिशन की सदस्य ने आंगनवाड़ी सैंटरों में लाभार्थियों की गिनती, सप्लाई किए जा रहे राशन, बच्चों के हैल्थ चैकअप के बारे में विस्तार से समीक्षा की व प्रधान मंत्री मातृ वंदना योजना के उपस्थित लाभार्थियों से प्राप्त लाभ की जानकारी भी हासिल की। उन्होंने उपस्थित कर्मचारियों व अधिकारियों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एक्ट-2013 के अंतर्गत प्रोविजनों को पूरी तरह से लागू करने की हिदायत देते हुए कहा कि एक्ट के अंतर्गत योग्य लाभार्थियों को साफ सुथरा व पौष्टिक खाना प्रदान किया जाए व समय-समय पर लाभार्थियों के साथ बैठक कर खाने की गुणवत्ता संबंधी उनसे खाने को बेहतर बनाने के लिए सुझाव लिए जाए।
प्रीति चावला ने सरकारी स्कूलों व आंगनवाड़ी सैंटरों में बुनियादी ढांचे में पाई गई कमियों को तुरंत दुरुस्त करने व आम जनता में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एक्ट 2013 संबंधी अधिक से अधिक जागरुकता करने की हिदायत की ताकि एक्ट प्रभावशाली तरीके से लागू किया जा सके। इस मौके पर सी.डी.पी.ओ गढ़शंकर पूरन पकंज शर्मा, बी.पी.ई.ओ राज कुमार, सहायक ब्लाक प्राइमरी अधिकारी गुरदेव सिंह ढिल्लों, विजय कुमार, ए.बी.एम विजय कुमार, सुपरवाइजर परमजीत कौर, बेबी रानी व जसप्रीत कौर भी उपस्थित थे।












