
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब राज्य कानूनी सेवाएं अथॉरिटी के दिशा-निर्देशों तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश-कम-चेयरमैन, जिला कानूनी सेवाएं अथॉरिटी रजिंदर अग्रवाल के आदेशों के तहत जिला कानूनी सेवाएं अथॉरिटी की ओर से जिले में नालसा की 13 योजनाओं के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए मेगा अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान 14 जनवरी 2027 तक जारी रहेगा। इस अभियान के तहत सोमवार को गांव नारू नंगल, होशियारपुर में जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार की अध्यक्षता पैनल एडवोकेट रेनू ने की। इस अवसर पर सी.जे.एम.-कम-सचिव, जिला कानूनी सेवाएं अथॉरिटी, होशियारपुर नीरज गोयल ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके कानूनी अधिकारों, सरकारी योजनाओं और मुफ्त कानूनी सहायता संबंधी जानकारी उपलब्ध करवाना है।

उन्होंने बताया कि सेमिनार के दौरान ग्रामीणों को नालसा की विभिन्न योजनाओं के तहत मिलने वाले लाभों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इसके अलावा पैरा लीगल वालंटियरों द्वारा मुफ्त कानूनी सेवाओं से संबंधित प्रचार सामग्री भी वितरित की गई। इसी कड़ी में पैरा लीगल वालंटियर सुलक्षण पाल सिंह खुत्तण और कुलविंदर कौर ने गांव में घर-घर जाकर लोगों को विभिन्न सरकारी दस्तावेज बनवाने में आ रही समस्याओं के समाधान संबंधी जानकारी दी। उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, वोटर कार्ड, लेबर कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, पैन कार्ड, बुढ़ापा पेंशन, वरिष्ठ नागरिक कार्ड, विधवा पेंशन, 18 वर्ष से कम आयु के आश्रित बच्चों की पेंशन, दिव्यांगता प्रमाण पत्र एवं पेंशन, एसिड अटैक पीड़ितों की पेंशन, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र तथा मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना कार्ड बनवाने की प्रक्रिया के बारे में बताया। इसके साथ ही पूर्व सैनिकों की समस्याओं, उनके कानूनी अधिकारों और जिला कानूनी सेवाएं अथॉरिटी द्वारा उपलब्ध करवाई जाने वाली मुफ्त कानूनी सेवाओं के बारे में भी जागरूक किया गया, ताकि जरूरतमंद लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित किया जा सके।












