होशियारपुर को सुंदर व स्वच्छ शहर बनाने की दिशा में पंजाब सरकार प्रयासरत: जिंपा

होशियारपुर, (द स्टैलर न्यूज़)। कैबिनेट मंत्री पंजाब ब्रम शंकर जिंपा ने कहा कि होशियारपुर को देश के स्वच्छ शहरों की श्रेणी में शामिल करने के लिए कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस दिशा में नगर निगम होशियारपुर की ओर से युद्ध स्तर पर अभियान चलाया गया है लेकिन नगर निगम का यह प्रयास तभी कामयाब हो सकता है जब शहर वासी पूरा सहयोग दें। वे आज धोबी घाट चौक पर होशियारपुर शहर के बीच से गुजर रहे भंगी चोअ को साफ करने व कूड़े से मुक्त करने के लिए चलाए गए अभियान की शुरुआत के दौरान संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने पौधारोपण कर इस अभियान की शुरुआत की। इस मौके पर उनके साथ मेयर सुरिंदर कुमार, डिप्टी कमिश्नर-कम कमिश्नर नगर निगम कोमल मित्तल, सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीन सैनी भी मौजूद थे।

Advertisements

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्य मंत्री पंजाब भगवंत मान के निर्देशों पर होशियारपुर को स्वच्छ शहर बनाने के लिए शुरु किए गए प्रयास के पहले चरण में भंगी चोअ व उसके आस-पास 24 फरवरी तक सफाई अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 15 दिनों तक चलने वाले अभियान के बाद शहर के बाकी हिस्सों में भी जनता की भागीदारी के साथ यह अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सफाई अभियान के पहले दिन ही सकारात्मक परिणाम सामने आने शुरु हो गए हैं क्योंकि शहर के एन.जी.ओज, आम जनता की ओर से इस सफाई अभियान में भरपूर सहयोग दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भंगी चोअ वह क्षेत्र है, जहां से लोग हिमाचल व अन्य जिलों की ओर जाने के लिए गुजरते हैं लेकिन कूड़े के ढेर के कारण शहर का अक्स यहां से गुजरने वालों के सामने बहुत खराब जाता है। उन्होंने कहा कि नगर निगम अपने स्तर पर शहर को साफ सुथरा रखने के लिए वचनबद्ध है लेकिन इसमें आम जनता का सहयोग बहुत जरुरी है क्योंकि बिना लोगों के सहयोग के किसी भी अभियान को सफल नहीं बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह खुशी की बात है कि इस अभियान में नगर निगम के सहयोग के लिए वन विभाग, ड्रेनेज विभाग, बी.एस.एफ खडक़ां के वालंटियर, एन.एस.एस. वालंटियरों, सिविल सोसायटियों, एन.जी.ओज पूर्ण सहयोग कर रहे हैं।

ब्रम शंकर जिंपा ने कहा कि सफाई अभियान के अंतर्गत भंगी चोअ की दोनों साइडों पर पड़े कूड़े को साफ करने के बाद पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने होशियारपुर वासियों, शहर की अलग-अलग सोसायटियों, एन.जी.ओज, रेसीडेंस वेलफेयर सोसायटियों, स्कूलों व कालेजों को इस अभियान में बढ़ चढ़ कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि वे इस सफाई अभियान में बढ़ चढ़ कर सहयोग करें ताकि हम अपने शहर को साफ सुथरा बना सकें।

मेयर सुरिंदर कुमार ने कहा कि इस सफाई अभियान में नगर निगम के समूह पार्षद बढ़ चढ़ कर हिस्सा ले रहे हैं और उन्हें विश्वास है कि यह अभियान भंगी चोअ की सफाई के बाद शहर के अन्य हिस्सों में लोगों के सहयोग से चलता रहेगा। डिप्टी कमिश्नर-कम-कमिश्नर नगर निगम कोमल मित्तल ने कहा कि भंगी चोअ की सफाई को लेकर नगर निगम की ओर यह प्रयास शुरु किया गया है, जिसमें लोगों का भरपूर सहयोग मिल रहा है। उन्होंने बताया कि 08 फरवरी को ऊना रोड से नगर निगम कार्यालय तक सफाई अभियान चलाया गया। इसी तरह 9 व 10 को धोबी घाट से आदमवाल रोड तक, 11 व 12 को धोबी घाट चौक से शनिदेव मंदिर तक, 13 व 14 को नई आबादी से सुखियाबाद रोड पुल तक, 15 व 16 को शनिदेव मंदिर से भंगी पुल तक, 17,18 व 19 को सुखदेव सिंह चौक से आदमवाल पुली तक, 20 व 21 को भंगी चोअ पुल से स्लाटर हाउस तक और 22 से 24 फरवरी तक स्लाटर हाउस से टांडा रोड पुल तक सफाई अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने आस-पास सफाई बना कर शहर को साफ सुथरा रखने में सहयोग करें और खुले में कूड़ा न फेंके। इस मौके पर डी.एफ.ओ अमनीत सिंह, सहायक कमिश्नर नगर निगम संदीप तिवाड़ी के अलावा पार्षद व अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
                                   

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here