Sunday, November 1, 2026
Home Chandigarh कैबिनेट मंत्री भुल्लर ने पट्टी की मंडियों में गेहूँ की ख़रीद शुरू...

कैबिनेट मंत्री भुल्लर ने पट्टी की मंडियों में गेहूँ की ख़रीद शुरू करवाई

चंडीगढ़, (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब के परिवहन और पशु पालन, मछली पालन एवं डेयरी विकास मंत्री स. लालजीत सिंह भुल्लर द्वारा आज पट्टी हलके की दाना मंडियों में गेहूँ की ख़रीद शुरू करवाई गई। उन्होंने हलके में पट्टी, दुब्बली, कोट बुढ्ढा, हरीके, नौशहरा पन्नूआं की दाना मंडियों में पहुँचकर खरीद प्रक्रिया का जायज़ा लिया।  

Advertisements

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग और सरकारी खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को हिदायत की कि मंडियों में किसानों को किसी किस्म की दिक्कत न आने दी जाए। उन्होंने कहा कि मंडियों से गेहूँ की समय पर लिफ्टिंग सुनिश्चित बनाई जाए ताकि किसानों को मंडियों में गेहूँ लाने के समय कोई मुश्किल पेश न आए। उन्होंने अधिकारियों को फ़सल की अदायगी भी समय पर करने के निर्देश दिए।  

भुल्लर ने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान ने ऐलान किया है कि बारिश और आँधी के कारण खराब हुई गेहूँ की फ़सल पर भारत सरकार द्वारा मूल्य में कटौती से किसानों को होने वाले नुकसान की भरपाई राज्य सरकार करेगी। उन्होंने अफ़सोस जताया कि जब किसानों को बेमौसमी बारिश के कारण फ़सलों का भारी नुकसान सहना पड़ा है तो केंद्र सरकार किसानों की इस कठिन समय में हाथ थामने से पीछे हट गई है।  

परिवहन मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और गेहूँ के सीज़न के दौरान किसानों को मंडियों में किसी किस्म की मुश्किल नहीं आने दी जाएगी। बता दें कि बेमौसमी बरसात के कारण गेहूँ की आमद मंडियों में देरी से शुरू हुई है और पट्टी की कई मंडियों में गेहूँ की फ़सल देरी से आई है।  

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा किसानों को बड़ी राहत दी गई है और राज्य सरकार ने किसानों की फसलों के हुए नुकसान के लिए मुआवज़ा राशि में 25 प्रतिशत वृद्धि की है। उन्होंने कहा कि 75 प्रतिशत से अधिक खराबे वाले किसानों को राज्य सरकार इस बार प्रति एकड़ 15000 रुपए का मुआवज़ा देगी। उन्होंने कहा कि राज्य में विशेष गिरदावरी करवाई जा रही है और जल्द ही खराबे का मुआवज़ा बाँट दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार संकट की इस घड़ी में किसानों के साथ खड़ी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here