
नागपुर (द स्टैलर न्यूज़)। नीट परीक्षा में हुई अनियमितता के खिलाफ महाराष्ट्र कांग्रेस ने पूरे प्रदेश में प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरे और जमकर केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कीचड़ फेंको आंदोलन के तहत भी प्रदर्शन किया। नागपुर के वैरायटी चौक पर सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्र हुए और वहां पर उन लोगों ने सरकार के प्रतीकात्मक पुतला पर कीचड़ फेंका। विरोध प्रदर्शन के दौरान सड़क पर तमाम कांग्रेस के कार्यकर्ता सड़क पर लेट गए और आवाजाही को रोक दिया गया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बैरिकेटिंग करके पुलिस ने एक जगह रोकने की कोशिश की, लेकिन कार्यकर्ताओं ने बैरिकेट को तोड़ते हुए आगे निकल गए और सड़क को कुछ देर के लिए जाम कर दिया। साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि देश में युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। महाराष्ट्र की सरकार जनता की समस्याओं की अनदेखी कर रही है। लोगों का भरोसा सरकार से उठ गया है। प्रतियोगी परीक्षा समय पर नहीं हो रही है। पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए कांग्रेस के कार्यकर्ता इतने उग्र हो गए कि पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया है।












