
नई दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़), ज्योति गंगड़। सांसद में राहुल गांधी द्वारा पेपरलीक, अग्निवीर, महंगाई जैसे युवाओं और आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर लगातार सरकार को घेरा जा रहा हैं। अब राहुल गांधी हाथरस में लोगों का हाल जानने के लिए रवाना हो गए हैं। उन्होनें अलीगढ़ के पिलखना गांव में पहुंचकर हाथरस भगदड़ में मारे गए लोगों के परिजनों से मुलाकात की।

उसके बाद वह हाथरस पहुंचे और पीड़ित परिवारों से उनका दर्द जाना। पीड़ितों ने राहुल गांधी से अपना दर्द बयां किया। राहुल गांधी ने पीड़ितों को मदद का भरोसा दिया। कहा कि वह इस मुद्दे को संसद में उठाएंगे। राहुल गांधी ने कहा, ‘कई परिवार प्रभावित हुए हैं और कई की मौत हुई है…मैं इस मामले का राजनीतिकरण नहीं चाहता। सिस्टम में कमियां हैं…मैं समझता हूं कि इन लोगों को और ज्यादा मुआवजा मिलना चाहिए क्योंकि ये परिवार बहुत ही गरीब हैं।
मैं यूपी के सीएम से गुजारिश करता हूं कि वह खुले दिल से मुआवजा मुहैया कराएं…उन्हें इसकी जरूरत है, जितना जल्दी संभव हो सके, और ज्यादा मुआवजा दिया जाना चाहिए…परिजनों का कहना है कि पुलिस के इंतजाम पर्याप्त नहीं थे…’ 2 जुलाई को यूपी के हाथरस में स्वयंभू बाबा सूरजपाल उर्फ नारायण साकार हरि उर्फ भोले बाबा के सत्संग में भगदड़ मचने से 123 लोगों की मौत हो गई।
इस मामले में पुलिस ने अबतक 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बाबा के मुख्य सेवादार दवप्रकाश मधुकर को मुख्य आरोपी बनाया है जो अभी तक फरार है। पुलिस ने उसके ऊपर 1 लाख रुपये के इनाम का ऐलान कर रखा है। इस बीच स्वयंभू बाबा के वकील एपी सिंह का दावा है कि मधुकर का इलाज चल रहा है। पुलिस ने जो एफआईआर दर्ज की है, उसमें नारायण साकार हरि का नाम तक नहीं है। हादसे के बाद से बाबा भी भूमिगत हो गया है।












