
कोलकाता (द स्टैलर न्यूज़)। कोलकाता में ट्रेनी महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना के बाद डॉक्टरों द्वारा विरोध प्रदर्शन जारी है। अब उनका साथ देने के लिए वकील भी सड़कों पर उतर आए हैं। इसी बीच टीएमसी के सांसद अरूप चक्रवर्ती का विवादित बयान सामने आया है। उन्होंने डॉक्टरों को चेतावनी दी कि जनता के गुस्से से हम आपको नहीं बचाएंगे। अरूप चक्रवर्ती ने यह बयान पश्चिम बंगाल के बांकुरा में एक सार्वजनिक रैली के दौरान दिया।

उन्होंने कहा कि आंदोलन के नाम पर आप घर जा सकते हैं या अपने बॉयफ्रेंड के साथ घूम सकते हैं। अगर आपकी हड़ताल की वजह से कोई मरीज मर जाता है और जनता का गुस्सा आप पर फूटता है तो हम आपको नहीं बचाएंगे। जब इस बारे में उनसे फिर पूछा गया तो अरूप चक्रवर्ती अपने बयान पर कायम रहे। उन्होंने कहा कि डॉक्टर हड़ताल कर रहे हैं। हड़ताल के नाम पर अगर वे बाहर निकलेंगे और जनता को इलाज नहीं मिलेगा तो स्वाभाविक रूप से उनका गुस्सा उन पर ही उतरेगा। हम उन्हें बचा नहीं सकते।












