Monday, November 2, 2026
Home Hoshiarpur गांव भीखोवाल में आयोजित किया गया पोषण माह समापन समारोह

गांव भीखोवाल में आयोजित किया गया पोषण माह समापन समारोह

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। सामाजिक सुरक्षा और महिला एवं बाल विकास विभाग पंजाब के निर्देशानुसार जिला प्रोग्राम अधिकारी हरदीप कौर के नेतृत्व में सी.डी.पी.ओ होशियारपुर-1 रविंदर कौर के अंतर्गत गांव भीखोवाल में पोषण माह का समापन समारोह मनाया गया। इस अवसर पर रविंदर कौर ने बताया कि पोषण माह पूरे भारत में 1 सितंबर से 30 सितंबर तक मनाया जाता है और यह इस साल मनाया गया सातवां पोषण माह है। उन्होंने बताया कि हमें अपने दैनिक जीवन में संतुलित भोजन को शामिल करना चाहिए।

Advertisements

उन्होंने महिलाओं और बच्चों को पोषण माह से संबंधित जानकारी देते हुए पौष्टिक भोजन लेने के लिए प्रेरित किया और खून की कमी दूर करने के लिए हरी सब्जियां, दालें, चना, गुड़, पनीर, रागी आदि को रोजाना के भोजन में शामिल करने के महत्व पर जोर दिया। इस अवसर पर आंगनवाड़ी वर्करों द्वारा कम लागत वाले पौष्टिक व्यंजन जैसे पौष्टिक खिचड़ी, पौष्टिक पोहा, दलिया, नारियल के लड्डू, सरसों का साग और मक्की की रोटी, मिस्सी रोटी, मखाने, सूजी का हलवा, खीर आदि तैयार किए गए थे, जिन्होंने सभी उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इसके अलावा, पोषण माह से संबंधित रंगोली भी बनाई गई, जो सभी को बहुत पसंद आई। आंगनवाड़ी वर्कर अलका रानी और सर्कल की अन्य कार्यकर्ताओं द्वारा ‘पोषण मटका’ तैयार किया गया और पोषण संबंधित गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान सुपरवाइजर रजिंदर कौर ने आंगनवाड़ी वर्करों द्वारा तैयार किए गए व्यंजनों की सराहना की।

सुपरवाइजर अर्शदीप कौर ने जानकारी दी कि इस वर्ष पोषण माह 2024 को एक पेड़ मां के नाम ड्राइव के साथ पूरे भारत में शुरू किया गया है। सुपरवाइजर संदीप कौर ने पौधारोपण के महत्व के बारे में जानकारी दी और कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम 5 पेड़ अवश्य लगाने चाहिए। इसके साथ ही पानी की बचत के महत्व पर विशेष रूप से चर्चा की गई। इस मौके पर आंगनवाड़ी वर्कर अलका रानी ने पोषण पर एक कविता प्रस्तुत की, जबकि आंगनवाड़ी हेल्पर चरण कौर और किरपाल कौर ने भी सभा को संबोधित किया। सर्कल सुपरवाइज़र मनजीत कौर ने समारोह में उपस्थित सभी लोगों का स्वागत किया। इस समारोह में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित थे।    

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here