
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। ज़िला संघर्ष कमेटी की मीटिंग में ज़िला अध्यक्ष कर्मवीर बाली ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने अपने खासमखास करीबी विभव कुमार को पंजाब के मुख्यमन्त्री भगवन्त मान का सलाहकार नियुक्त करने से पंजाब के मुख्यमन्त्री बतौर मुख्यमन्त्री नहीं रहे बल्कि कठपुतली बनकर रह गये हैं। अब पंजाब का मुख्यमन्त्री कभी भी बदला जा सकता है। पंजाब की दयनीय कानून व्यवस्था का जनाज़ा निकल चुका है। पंचायती चुनाव में कानून व्यवस्था पर गैंगस्टार भारी पड़ रहे हैं। वे गोलियों के बल पर लोकतन्त्र को चुनौती दे रहे हैं। चुनाव में मनमाने व्यक्ति को जिताने के लिये जीतने वालों को चुनाव न लड़ने के लिये हुकम दिये जा रहे हैं।

पंजाब में सरकार नाम की कोई चीज़ दिखाई नहीं दे रही। स्नैचर जहां चाहे वहीं वारदात कर रहे हैं जबकि पुलिस जगह-जगह नाके लगाकर चैकिंग कर रही है और चालान काट रही है। पंजाब में समाज विरोधी मनमानी कर रहे हैं। पंजाब के हालात नाज़ुक दौर में पहुंच गये हैं जिसे लोकतांत्रिक सरकार नही कहा जा सकता। आम आदमी पार्टी सुप्रीमो यह भांप गये है कि आने वाले चुनाव उन पर भारी पड़ने वाले हैं जिसे देखते हुये पंजाब में दखल-अन्दाज़ी शुरू हो गई है। इस अवसर पर नवल किशोर कालिया, निर्मल सिंह, प्रदीप कुमार, गुड्डु सिंह आदि शामिल थे।











