
जम्मू-कश्मीर (द स्टैलर न्यूज़)। जम्मू के अखनूर सेक्टर में आतंकवादियों ने जोगवान में आसन मंदिर के समीप मुख्य सड़क से गुजर रही सेना की एक एम्बुलेंस पर गोलियां बरसाई। इस घटना में कोई जानी नुकसान की खबर नहीं है। इसके बाद नियंत्रण रेखा के समीप एक गांव में सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान चलाया, जहां सुरक्षाबलों तथा आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों से निपटने के लिए इलाके में अतिरिक्त बलों को भेजा गया है। उन्होंने बताया कि आतंकवादी एक मंदिर में घुसे और वे किसी को फोन करने के लिए मोबाइल फोन तलाश रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों ने एक एंबुलेंस को गुजरते हुए देखा और उस पर गोलियां चलायीं। एंबुलेंस पर 12 से अधिक गोलियां चलायी गयीं। उन्होंने बताया कि इलाके की घेराबंदी की गई है।












