
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब में बहने वाले नशे के छठे दरिया के विरोध में आज ’दल खालसा’ द्वारा एक विशाल रैली का आयोजन ’’दल खालसा’’ के जिला अध्यक्ष बलजिंदर सिंह खालसा की अध्यक्षता में गुरुद्वारा सिंह सभा, रेलवे रोड, होशियारपुर से रोशन ग्राउंड तक किया गया। इस रैली में सैंकड़ों युवाओं ने बढ़ चढ़ कर भाग लिया। इस अवसर पर दल खालसा के जिला अध्यक्ष बलजिंदर सिंह खालसा ने कहा कि सरकार चाहे किसी भी राजनीतिक पार्टी की हो, सत्ता में आने से पहले अलग-अलग पार्टिीयों के नेता पढ़े लिखे तथा सूझवान लोगों की वोटें लेने के लिए बड़े-बड़े वादे और मुखौटे लगाकर नशा मुक्त करने के सपने दिखाते हैं कि हम गांवों तथा शहरों में बढ़ रहे नशे के काले गोरख धंधे तथा नशे के सौदागरों पर लगाम लगा कर गांवों तथा शहरों को नशामुक्त बना देंगे। लेकिन कुछ समय बाद इसके विपरीत ही देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि नशे के सौदागरों द्वारा बेचे जा रहे नशे गांवो तथा शहरों के युवाओं को लकड़ी में लगे घुन की तरह अंदर ही अंदर खाना शुरु कर देता है, जिससे युवा अपने नशे की पूर्ति को पूरा करने के लिए गांवों व शहरों के घरों में चोरीयां, रास्ते में आने जाने वाले राहगीरों को लूटना शुरु कर देते हैं तथा जान से मारने तक पहुंच जाते हैं।

लेकिन नेताओं, मंत्रियों, संत्रियों और प्रशासन का इनकी तरफ कोई ध्यान नहीं होता, वे अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने में लगे रहते हैं, जिससे शहर और आसपास के गांवों के युवा तेजी से नशे की गिरफ्त में आते हैं। उन्होंने कहा कि लड़कों के साथ साथ अब लड़कियां भी नशे की भयानक बीमारी का शिकार हो चुकी हैं। उन्होने कहा कि नशा शहरों के साथ-साथ गांवों में भी बहुत तेजी से फैल रहा है। उन्होंने कहा कि आज के समय में सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि युवाओं को नशे को छोड़ते समय अपनी सोच बदलनी चाहिए क्योंकि नशा शरीर को खोखला बना देता है और आबाद घरों को उजाड़ देता है, इसलिए नशे से बचने की सख्त जरूरत है। इस अवसर पर औरों के अतिरिक्त कुलदीप सिंह राजपुर भाईयां, मुकेश राणा, प्रदीप कुमार बजरौर, लखवीर सिंह भट्टी पूर्व जिला अध्यक्ष दल खालसा, तजिंदर पाबला, करमजीत सिंह बोहन, विशाल गुप्ता, गिल होशियारपुर, गौरव राजपुर भाईयां, सुक्खा अजड़ाम, प्रभजोत सिंह, सुरिंद्र सिंह बुढढा दल आदि उपस्थित थे।












