
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़), पवन विग। नगर निगम की तरफ से आज शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान बस्सी ख्बाजू बाजार में जमकर हंगामा हुआ और दुकानदारों ने कार्यवाही का जमकर विरोध करते हुए धरना लगा दिया। इस मौके पर दुकानदारों ने कहा कि हाल ही में निगम की टीम उनकी तहबाजारी की पर्चियां काट कर गई है और उन्होंने 3-3 हजार रुपये भरे हैं। लेकिन फिर भी निगम द्वारा उनका सामान उठा लिया गया तथा इस दौरान कई लोगों को नुकसान भी हुआ।

दुकानदारों एवं फड़ी लगाने वालों ने कहा कि एक तरफ निगम उनसे वसूली कर रहा है तो दूसरी तरफ उन्हें कारोबार नहीं करने दिया जा रहा। जिस कारण उन्हें आर्थिक और मानसिक तौर पर नुकसान पहुंच रहा है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत करने का प्रयास किया, लेकिन दुकानदारों का गुस्सा शांत होने का नाम नहीं ले रहा था तथा उनके मन में निगम कार्यवाही के खिलाफ काफी गुस्सा था। काफी मशक्कत के बाद मामला शांत हुआ।












