
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। होशियारपुर-चिंतपूर्णी मार्ग पर आदमवाल नहर के समीप गांव सलेरन निवासी युवक भूपिंदर सिंह भिंदा का शव मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। परिजनों ने बताया कि भिंदा दो दिन से घर से लापता था तथा पुलिस को इस बारे में सूचना दे दी गई थी। उन्होंने बताया कि 14 दिसंबर को देर सायं गांव को दो लोग भिंदा को घर से लेकर गए थे तथा उसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चल पा रहा था।

उन्होंने बताया कि जब भिंदा का कहीं पता नहीं चला तो उन्होंने इस संबंधी थाना सदर पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस ने कुछ नहीं किया। अपने तौर पर उन्होंने गांव निवासियों के साथ मिलकर जब उसकी तलाश शुरु की तो आज सुबह उन्हें भिंदा का शव यहां झाड़ियों में पड़ा हुआ मिला। भिंदा जब घर से गया तो उसके पास मोबाइल फोन तथा 8 हजार रुपये थे, जोकि उसके पास से नहीं मिले। उन्होंने आशंका जाहिर की कि पैसों के लालच में उनके बेटे की हत्या की गई है। इस मौके पर सरपंच एडवोकेट नवजिंदर सिंह बेदी ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए पुलिस से नशा बेचने और करने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस समय रहते भिंदा का फोन ट्रेस कर लेती तो शायद उसकी जान बच जाती। उन्होंने कहा कि पुलिस को नशे की बढ़ती दलदल को कम करने के लिए सटीक उपाये करने होंगे तथा जहां पर उनकी मदद की जरुरत है वह मदद के लिए सदैव हैं।
इस अवसर पर पहुंचे पुलिस अधिकारी ने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया है तथा पोस्टमार्टम उपरांत ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल मामला नशे की ओवरडोज़ का लग रहा है, लेकिन फिर भी सारा खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही होगा।












