
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। शहर के सैशल चौक में देर सायं दो पक्षों में हुए मामूली झगड़े के दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर गोली चला दी। हालांकि इस गोलीकांड में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन चौक पर हुई इस घटना से शहर में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरु कर दी थी।

जानकारी अनुसार शहर के सैशल चौक पर कार एवं मोटरसाइकिल की मामूली चक्कर के बाद कार चालक एवं मोटरसाइकिल सवार के बीच कुछ कहा सुनी हो गई और देखते ही देखते बात हाथापाई पर पहुंच गई और एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर गोली चला दी। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हुआ है कि गोली एक चली या दो, इस बारे में तो पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। लेकिन इतना बताया जा रहा है कि जिस पर गोली चलाई गई वह कोई जिम ट्रेनर है और झगड़े के बाद दोनों पक्ष वहां से फरार हो गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच शुरु कर दी गई है तथा जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके हिसाब से कार्यवाही की जाएगी।












