
हिमाचल प्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के थाना चिंतपूर्णी के अंतर्गत गांव चंबी में एक कार में अचानक आग लग गई। यह हादसा इतना भयानक था कि देखते ही देखते पूरी कार जलकर राख हो गई। आग की लपटों ने पास में खड़ी तीन अन्य गाड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना स्वाणा रोड पर जिला ऊना और कांगड़ा की सीमा पर स्थित भडियाल बस्ती में हुई।

कार के मालिक अशोक कुमार, जो कि भडियाल बस्ती में किराए के मकान में रहते हैं, को इस आगजनी में भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी भी व्यक्ति को कोई चोट या हानि नहीं हुई। आग कैसे लगी, इसके कारणों का अभी तक कोई स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और तुरंत जांच शुरू कर दी।












