
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब सरकार के पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन द्वारा स्थानीय लाजवंती स्पोर्ट्स स्टेडियम में 25 फरवरी तक आयोजित किए जा रहे नेचर फेस्ट का आज शानदार आगाज़ हुआ। डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल ने नेचर फेस्ट का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान मेयर सुरिंदर कुमार, ज़िला योजना कमेटी की चेयरपर्सन कर्मजीत कौर, बैकफिनको के चेयरमैन संदीप सैनी, नगर सुधार ट्रस्ट के चेयरमैन हरमीत सिंह औलख के अलावा अन्य गणमान्य भी मौजूद थे। नेचर फेस्ट के पहले दिन प्रसिद्ध पंजाबी गायक अलाप सिकंदर ने अपनी जबरदस्त गायकी से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने ‘ *’मैं नीवां मेरा मुर्शिद उच्चा”, सज के न निकलो सोहनियो मौसम खराब है और* अन्य चर्चित गानों से माहौल को संगीतमय बना दिया। दर्शकों ने तालियों से उनका भरपूर स्वागत किया, जिससे पूरे स्टेडियम में जबरदस्त जोश देखने को मिला। डिप्टी कमिश्नर ने अलग अलग स्टालों का निरीक्षण करते हुए बताया कि 25 फरवरी तक इस फेस्ट में अलग-अलग गतिविधियां करवाई जाएंगी। उन्होंने जिला वासियों को ‘होशियारपुर नेचर फेस्ट’ में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से न सिर्फ जिला वासी बल्कि अन्य स्थानों से भी लोग होशियारपुर की खूबसूरती को निहार सकेंगे। इसके अलावा मेले में रोजाना सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन रहेगा।

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि नेचर फेस्ट के दौरान लोगों के लिए खुला प्रवेश रहेगा और स्टेडियम में विभिन्न चीजों, कलाकृतियों और सामान की पेशकश करते हुए 100 के करीब स्टॉल लगे हैं। उन्होंने जिला वासियों को फेस्ट की रौनक बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा कि लोगों के लिए यह फेस्ट बेहद मनोरंजक रहेगा। उन्होंने बताया कि शनिवार सोलिस और ठरोली में नाइट कैंपिंग और लाजवंती स्टेडियम में साइक्लोथॉन के अलावा वन चेतना पार्क में किड्स कार्निवाल होगा। इसी तरह 23 फरवरी को स्टेडियम में भारत बनाम पाकिस्तान मैच की स्क्रीनिंग की जाएगी। उन्होंने बताया कि कुकानेट में ऑफ-रोडिंग होगी, जिसमें भाग लेने वालों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्था की जा रही है। नेचर रिट्रीट, चौहाल में लोग बूटिंग और जंगल सफारी का आनंद लेंगे। इसी तरह 25 फरवरी की शाम को गायक कंवर ग्रेवाल अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे और इसके बाद नेचर फेस्ट का समापन होगा। उन्होंने बताया कि ‘नेचर फैस्ट होशियारपुर’ का उद्देश्य प्रकृति की गोद में बसे होशियारपुर में पर्यटन की असीम संभावनाओं से लोगों को रुबरु करवाना है। इस मौके पर सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीण सैनी, डिप्टी मेयर रंजीत चौधरी, गौ सेवा आयोग के सदस्य जसपाल सिंह, एडीसी निकास कुमार, एसडीएम होशियारपुर संजीव शर्मा, *एसडीएम टांडा पंकज कुमार*, पार्षद राजेश्वर दयाल बब्बी, पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के सदस्य अजय वर्मा के अलावा अन्य गणमान्य भी मौजूद थे।












