Tuesday, October 20, 2026
Home Chandigarh फुटबॉल खिलाडियों के लिए नई संभावनाएं पैदा करने हेतु जीए फाउंडेशन...

फुटबॉल खिलाडियों के लिए नई संभावनाएं पैदा करने हेतु जीए फाउंडेशन व वाईएफसी रुड़का कलां में समझौता

चंडीगढ़ (द स्टैलर न्यूज़)। फुटबॉल प्रेमियों के लिए यह खबर बेहद जानकारीपूर्ण और उत्साहजनक है। पिछले एक दशक से फुटबॉल के लिए व्यापक योजनाएं बना रहा जेनरेशन अमेजिंग फाउंडेशन अपने तकनीकी विशेषज्ञ कोचों और बेहतरीन फुटबॉल खिलाड़ियों के सहयोग से अब फुटबॉल प्रेमियों को विशेष प्रशिक्षण देकर राष्ट्रीय स्तर का खिलाड़ी बनाने में मदद करेगा। आज चंडीगढ़ में वाईएफसी रुड़का कलां और जेनरेशन अमेजिंग द्वारा जेनरेशन अमेजिंग कम्युनिटी क्लब की बहुउद्देशीय खेल सुविधा के लिए आपसी समझौता किया गया, जिसमें लोकसभा सदस्य मालविंदर सिंह कंग की उपस्थिति में जीए फाउंडेशन के कार्यकारी निदेशक जसीम अल अली व् यूथ फुटबॉल क्लब (वाईएफसी) रुड़का कलां के अध्यक्ष गुरमंगल दास ने इस एमओयू (आपसी समझौता) पर हस्ताक्षर किए।

Advertisements

इस संबंध में जानकारी देते हुए फाउंडेशन के कार्यकारी निदेशक जसीम अल अली ने बताया कि यूथ फुटबॉल क्लब (वाईएफसी) रुड़का कलां के सहयोग से फाउंडेशन 2017 से इस क्षेत्र में कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि रुड़का कलां में एक बहुउद्देशीय खेल सुविधा प्रदान की गई है, जहां हर साल लगभग 10 हजार फुटबॉल प्रेमियों को उत्कृष्ट माहौल में खेल तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि उनके पास फुटबॉल पिच के साथ-साथ बास्केटबॉल, टेनिस, वॉलीबॉल और पिकलबॉल के लिए अलग-अलग सिंथेटिक कोर्ट और बहुउद्देशीय हॉल भी उपलब्ध हैं। उन्होंने यह भी बताया कि 50 स्टेशनों वाला जिम भी उनके द्वारा बनाया गया है। इसके अलावा, 200 सीटों वाला बहुउद्देशीय हॉल भी निर्मित किया गया है, जहां प्रशिक्षण सहित अन्य गतिविधियां करवाई जाती हैं। फीफा वर्ल्ड कप 2022 को प्रायोजित करने वाले जेनरेशन अमेजिंग फाउंडेशन के अलावा प्रवासी पंजाबियों के सहयोग से करोड़ों रुपये की लागत से बने इस परियोजना में बच्चों और युवाओं को मुफ्त प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस अवसर पर अपने संबोधन में वाईएफसी रुड़का कलां के संस्थापक और सीईओ गुरमंगल दास ने कहा कि इस परियोजना की शुरुआत उनके लिए बड़े गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स नहीं है, बल्कि पंजाब के हजारों युवाओं की नई उम्मीदें हैं। उन्होंने बताया कि यहां युवा और बच्चे न केवल एथलेटिक्स से जुड़ी जानकारी प्राप्त करेंगे, बल्कि उन्हें सामाजिक सरोकारों और नशे के खिलाफ लड़ने की समझ भी मिलेगी।

इस अवसर पर विशेषज्ञ कोच हामिद अब्दुल अजीज ने कहा कि उन्हें बेहद खुशी है कि उन्हें बेहतरीन कोचों के साथ काम करने का अवसर मिला है, जो युवाओं को जीवन में ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मदद कर रहे हैं। इस मौके पर लोकसभा सदस्य मालविंदर सिंह कंग की उपस्थिति में वाईएफसी और जेनरेशन अमेजिंग फाउंडेशन के बीच एक एमओयू (आपसी समझौता) पर हस्ताक्षर किए गए। कंग ने दोनों संस्थाओं को इस अनूठी पहल के लिए बधाई दी। इस अवसर पर सरबजीत सिंह (आईएएस, एसीएस, स्पोर्ट्स), डायरेक्टर स्पोर्ट्स हरप्रीत सूदन (आईएएस), जेनरेशन फाउंडेशन के निदेशक जासिम अल अली, पालत फोर्टिस डायरेक्टर जीए फाउंडेशन, अवातिका नैयर, डॉ. ज़ोआ दोहरमान (संस्थापक और अध्यक्ष डिज़ इंडो-जर्मन कोऑपरेशन) और पंचायत विभाग के निदेशक परमजीत सिंह (आईएएस) भी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here