
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट-रजनीश शर्मा। हिमाचल प्रदेश को प्रगति के लिए डायमंड स्टेटस अवॉर्ड से सम्मानित किया जाना बेहद गौरव की बात है और प्रदेश को मिले इस सम्मान से यह साबित हो गया कि कांग्रेस की सरकार संजीदगी और बचनबद्धता से प्रदेश को प्रगति पथ पर आगे ले जाने का कार्य कर रही है। प्रदेश कांग्रेस के पूर्व मुख्य प्रवक्ता प्रेम कौशल ने जारी ब्यान में कहा कि डायमंड स्टेटस मिलने से सरकार के ख़िलाफ भाजपा नेताओं के दुष्प्रचार की हक़ीक़त भी जनता के सामने उजागर हुई है।

उन्होंने कहा कि अनेक कठिनाइयों तथा खराब अर्थव्यवस्था और केंद्र सरकार के उपेक्षा पूर्ण रवैए के बावजूद कांग्रेस सरकार हर वर्ग को राहत देने के साथ साथ प्रदेश को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने की दिशा में भी सार्थक कार्य कर रही है। कौशल ने कहा कि कांग्रेस की सरकारों ने ही प्रदेश को पहाड़ी राज्यों की श्रेणी में विकास मॉडल राज्य के रूप में स्थापित करने का कार्य किया है।












