
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट-रजनीश शर्मा। हमीरपुर जिला के टौणी देवी तहसील की टपरे पंचायत के गब्बा गांव में मंगलवार दोपहर को गौशाला में आग लगने से 8 भेड़ बकरियां जिंदा जल गई । इनमें दो भेड़ें और छः बकरियां हैं। आग दोपहर करीब साढ़े बजे लगी। ग्रामीणों के प्रयासों से दो भैंसें और एक बकरी को जलने से बचा लिया गया। मौके पर टौणी देवी पुलिस चौकी की टीम तथा राजस्व विभाग के कर्मचारी नुकसान का जायजा लेने पहुंच चुके हैं। अग्नि शमन की गाड़ी के लिए सड़क न होने के कारण अग्नि शमन की गाड़ी न पहुंच पाई। गब्बा गांव के ग्रामीण हाकम सिंह डोगरा ने बताया कि रीता देवी पत्नी संजीव कुमार पुत्र रिखी की गौशाला में आग लगी। भेड़ बकरियां सुबह चराने के लिए गौशाला से निकाली गई थी। दोपहर को इन्हें गौशाला में बांध दिया गया।


परिवार के सदस्य जब खाना खा रहे थे तो ग्रामीणों ने गौशाला में आग लगने का शोर मचाया। जब तक दरवाजा खोला जाता 8 भेड़ बकरियां जल गई। गनीमत यह रही कि दो भैंसें और एक बकरी को जलने से बचा लिया गया। जिला किसान कांग्रेस के अध्यक्ष एवं गब्बा निवासी राजेश ठाकुर ने बताया कि सूचना मिलते ही टौणी देवी पुलिस चौकी की टीम और पटवारी मौके पर पहुंच गए। नुकसान का जायजा लिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रभावितों को नियमानुसार मुआवजा दिलाया जाएगा।












