
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। जिला शिक्षा अधिकारी मैडम ललिता अरोड़ा ने आज सेंटर स्कूल अहिराणा खुर्द तथा सरकारी एलीमेंट्री स्कूल मेहटियाना का अकस्मात निरीक्षण किया। मौके पर दोनों स्कूलों के सभी अध्यापक स्कूल में उपस्थित थे। इस मौके पर अध्यापकों के साथ बातचीत करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि इस बार स्कूलो में पिछले शैक्षणिक वर्ष की अपेक्षा विद्यार्थियों की गिनती में 15% की बढ़ोतरी होनी चाहिए। इसके लिए आसपास के क्षेत्र में जाकर बच्चों के अभिभावकों को जागरूक किया जाए तथा उन्हें स्कूल में दी जा रही शिक्षा के बारे में जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि सरकार स्कूलों को हर आवश्यक सामान उपलब्ध करवा रही है। आज के सरकारी स्कूल प्राइवेट स्कूलों से भी बेहतर हो गए हैं। उन्होंने कहा कि 29 मार्च को जिले के स्कूलों में होने जा रही मेगा पैरंट टीचर मीटिंग के लिए स्कूल मैनेजिंग कमेटी के सदस्यों, विद्यार्थियों तथा उनके अभिभावकों, पंचायत सदस्यों और गणमान्य व्यक्तियों को निमंत्रण पत्र दिया जाए और उनकी इस मीटिंग में भागीदारी सुनिश्चित बनाई जाए।


उन्होंने कहा कि जब अभिभावक, कमेटी सदस्य,पंचायत मेंबर स्कूल में आएंगे तो उन्हें स्कूल में प्रदान की जा रही शिक्षा के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी जाए ताकि वह आगे जाकर क्षेत्र के लोगों को इस संबंधी बता सके। सभी स्कूल प्रमुखों को इस मीटिंग के लिए जरूरी प्रबंध मुकम्मल कर लेने चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 -24 से स्कूलों में बिजनेस ब्लास्टर प्रोग्राम चलाया जा रहा है। विद्यार्थियों के हुनर को प्रोत्साहित करने के लिए उन द्वारा बनाए गए प्रोडक्ट की प्रदर्शनी व सेल से संबंधित प्रदर्शनी और मेले सभी सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में लगाए जाएंगे। जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि आगामी शैक्षणिक वर्ष के लिए बच्चों को किताबें मिलनी जल्द ही शुरू हो जाएगी। इसके लिए विभाग लगातार काम कर रहा है। उन्होंने अध्यापकों से अनुरोध किया कि वह शैक्षणिक वर्ष के पहले दिन से ही विद्यार्थी की हाजिरी को यकीनी बनाए। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में उच्च शिक्षा प्राप्त अध्यापक बच्चों को पढ़ाने के लिए नियुक्त किए गए हैं।












