
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। विश्व मौखिक स्वास्थ्य दिवस को समर्पित एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन सिविल सर्जन कार्यालय के प्रशिक्षण हॉल में किया गया। सिविल सर्जन डा. पवन कुमार शगोत्रा जी की अध्यक्षता तथा जिला डेंटल हेल्थ अधिकारी डा. मोनिंदर कौर के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. जतिंदर भाटिया, सीनियर मेडिकल अधिकारी प्रभारी सिविल अस्पताल डॉ. स्वाति शिमार, कार्यकारी जिला परिवार कल्याण अधिकारी डा. कुलदीप सिंह विशेष रूप से उपस्थित थे। इस दौरान ओरल हेल्थ डे को समर्पित विभिन्न जागरूकता गतिविधियों में योगदान देने वाले डेंटल सर्जन डॉ. बलजीत कटारिया, डा. नवनीत कौर, डॉ. सनम, डॉ. लक्ष्मीकांत व डॉ. संदीप डमाणा को प्रशंसा चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। समारोह में डिप्टी मास मीडिया अधिकारी रमनदीप कौर, बी.ई.ई. अमनदीप सिंह और एएनएम ट्रेनिंग स्कूल की प्रिंसिपल मैडम सुखविंदर कौर और मैडम अमरप्रीत कौर भी शामिल हुईं और अपना सहयोग दिया। इस दौरान मौखिक कैंसर के बारे में जागरूकता बढ़ाने वाले लिटरेचर का भी विमोचन किया गया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन डा. पवन कुमार ने कहा कि दांतों की स्वच्छता की अनदेखी करने से कई समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे कई लोग हैं जो मौखिक स्वच्छता का ध्यान न रखने से होने वाली समस्याओं के बारे में अनजान हैं या उन्हें बहुत कम जानकारी है, जबकि कुछ लोग ऐसे भी हैं जो इसके बारे में जानते हैं लेकिन लापरवाह हैं। इसीलिए यह दिवस लोगों को मौखिक स्वच्छता के बारे में जागरूक करने और मौखिक स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए आवश्यक आदतें अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से मनाया जाता है।

इस वर्ष यह दिवस ‘खुश मुंह, खुश शरीर’ थीम पर मनाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य मौखिक स्वास्थ्य के महत्व तथा शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए इसकी आवश्यकता के बारे में जागरूकता पैदा करना है। डीडीएचओ डा. मोनिंदर कौर ने कहा कि दांतों और मुंह की देखभाल अच्छे स्वास्थ्य का आधार है। इसलिए हमें अपने मुंह और दांतों का विशेष ध्यान रखना चाहिए तथा दिन में दो बार दांत साफ करने चाहिए। उन्होंने कहा कि मसूड़ों से खून आना, सांसों से बदबू आना, दांतों का पीला या काला पड़ना, कैविटी, सर्दी-गर्मी के प्रति संवेदनशीलता और दर्द होना आम बीमारियां हैं, लेकिन अगर हम समय पर इनका इलाज करवा लें तो अपने दांतों को गंभीर बीमारियों से बचा सकते हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग 20 मार्च से 20 अप्रैल तक विभिन्न गतिविधियों एवं जागरूकता सेमिनारों के माध्यम से आम जनता को दंत चिकित्सा एवं मौखिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक कर रहा है। डेंटल सर्जन डा. संदीप डमाणा ने पीपीटी के माध्यम से दंत रोगों की रोकथाम, उपचार एवं ओरल कैंसर के बारे में विस्तृत जानकारी दी। एएनएम नर्सिंग स्कूल के विद्यार्थियों ने मौखिक स्वच्छता बनाए रखने तथा दंत एवं मौखिक रोगों से बचने के बारे में जागरूकता पोस्टर बनाकर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर तथा सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।











