
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। भाजपा जिला अध्यक्ष निपुण शर्मा ने चंडीगढ़ कांग्रेस कार्यालय के बाहर लगाए गए एक आपत्तिजनक बैनर पर कड़ा विरोध दर्ज किया है। इस बैनर में अमेरिका के राष्ट्रपति को खड़ा दिखाया गया जबकि भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को उनके चरणों में बैठा हुआ दर्शाया गया है, इससे कांग्रेस का मानसिक दिवालियापन एक बार फिर सामने आ गया है। शर्मा ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि“यह न केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नहीं, बल्कि पूरे भारतवर्ष का अपमान है।”उन्होंने कहा कि मोदी वही नेता हैं जिन्होंने अनुच्छेद 370 को समाप्त कर कश्मीर को भारत से पूरी तरह जोड़ा, तीन तलाक जैसी कुप्रथाओं को समाप्त किया, करोड़ों हिंदुओं की आस्था का प्रतीक राम मंदिर बनवाया और वक्फ बोर्ड जैसे विभाजनकारी तंत्र को चुनौती दी। उन्होंने सवाल उठाया कि, “क्या कांग्रेस पार्टी यह दिखाना चाहती है कि हिंदुस्तान किसी विदेशी राष्ट्र के सामने झुक चुका है? क्या यह कांग्रेस की वही पुरानी मानसिकता नहीं है, जो कभी भारत को गुलामी में देखने की अभ्यस्त रही है?” निपुण शर्मा ने कहा, “कांग्रेस पार्टी लगातार राष्ट्रविरोधी बर्ताव कर रही है।

आज जब पूरा विश्व भारत को एक सशक्त राष्ट्र के रूप में देख रहा है, तब कांग्रेस चंडीगढ़ में इस प्रकार के बैनर लगाकर देश की प्रतिष्ठा को ठेस पहुँचा रही है। यह अत्यंत निंदनीय और शर्मनाक है।” भाजपा ने प्रशासन से मांग की है कि इस अपमानजनक बैनर को तुरंत हटाया जाए और कांग्रेस पार्टी से सार्वजनिक माफ़ी मंगवाई जाए। साथ ही, इस पूरे मामले की जाँच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। शर्मा ने अंत में कहा, “यह मुद्दा केवल भाजपा का नहीं, बल्कि हर देशभक्त भारतीय का है। कांग्रेस पार्टी को देश की अस्मिता और प्रधानमंत्री का अपमान करने का कोई अधिकार नहीं है। देश इसका मुँहतोड़ जवाब देगा।”इस मौके जिला महामंत्री जिंदू सैनी, रिटायर्ड एक्साइज कमिश्नर अवतार सिंह कंग, मंडल अध्यक्ष प्रेम बजाज, रजत शर्मा, अभी भाटिया आदि उपस्थित थे।












