Monday, October 19, 2026
Home Latest हलका विधायक व डिप्टी कमिश्नर ने करतारपुर की नई अनाज मंडी में...

हलका विधायक व डिप्टी कमिश्नर ने करतारपुर की नई अनाज मंडी में गेहूं की खरीद शुरू करवाई, किसानों से की बातचीत

जालंधर (द स्टैलर न्यूज़)। करतारपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक बलकार सिंह और डिप्टी कमिश्नर डा. हिमांशु अग्रवाल ने आज करतारपुर की अनाज मंडी में गेहूं की खरीद का उद्घाटन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे गेहूं खरीद की पूरी प्रक्रिया को सुचारू ढंग से चलाना सुनिश्चित करें तथा मंडियों में फसल लाने वाले किसानों को सभी सुविधाएं प्रदान की जाएं। इस अवसर पर विधायक एवं डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि इस वर्ष जिला के 79 खरीद केन्द्रों में 5.25 लाख मीट्रिक टन गेहूं की आमद संभावित है तथा जिला प्रशासन द्वारा गेहूं का एक-एक दाना खरीदने के लिए पहले से ही उचित प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। उन्होंने दोहराया कि मुख्यमंत्री पंजाब स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार राज्य में गेहूं की समूची खरीद प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने और किसानों को हर प्रकार की सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि अब तक जिले की मंडियों में 1000 मीट्रिक टन गेहूं की  आमद हो चुकी है, जिसमें से 900 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद विभिन्न खरीद एजेंसियों द्वारा की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि मंडियों में पीने के पानी, सफाई, छाया, तिरपाल, बारदाना आदि की उपलब्धता के अलावा अन्य आवश्यक प्रबंध अधिकारियों द्वारा पहले ही पूरे कर लिए गए है। उन्होंने अधिकारियों को खरीदे गए गेहूं का समय पर लिफ्टिंग सुनिश्चित करने तथा सरकार के निर्देशानुसार किसानों को भुगतान सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंडियों में बारदाने की कोई कमी नहीं है।

Advertisements

उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से चलनी चाहिए तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर विधायक व डिप्टी कमिश्नर ने मंडियों में अपनी फसल लेकर आए किसानों से बातचीत की तथा अधिकारियों द्वारा मंडियों में किए गए प्रबंधों के बारे में जानकारी प्राप्त की। उल्लेखनीय है कि पंजाब सरकार ने गेहूं की 2425. एम.एस.पी मूल्य निर्धारित कर दिया गया है। करतारपुर मंडी में लगभग 30 क्विंटल गेहूं लेकर आए बुले गांव के किसान जसविंदर सिंह ने खरीद व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनकी फसल मंडी में पहुंचते ही खरीद एजेंसियों द्वारा खरीद ली गई। उन्होंने कहा कि जालंधर प्रशासन ने मंडियों में किसानों के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं, जिसके कारण सुचारू खरीद, लिफ्टिंग और भुगतान सुनिश्चित हुआ है। इस अवसर पर जिला खाद्य एवं सिविल सप्लाई कंट्रोलर नरेन्द्र सिंह व अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here