
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रजनीश शर्मा। हमीरपुर जिला को यूं ही वीरभूमि का दर्जा नहीं मिला है। यहां ऐसा कोई गांव या मोहल्ला नहीं होगा जहां से कोई फौजी न हो। दुश्मन सेना के छक्के छुड़ाने और मातृभूमि की रक्षा करने में हमीरपुर वीरभूमि का जवान हमेशा आगे रहा हैं। इसी कड़ी में विधासनभा क्षेत्र हमीरपुर की ग्राम पंचायत बलोह के भरनोट गांव के दो भाई एक ही दिन भारतीय सेवा से से सेवानिवृत्त हुए हैं। दो मई को दोनों भाई सेवानिवृत होकर घर आए हैं। बड़ा भाई सूबेदार संसार चंद और छोटा भाई हवलदार कमलदेव क्रमशः 30 और 26 वर्ष भारतीय सेवा में अपनी सेवाएं देकर शुक्रवार सेवानिवृत होकर घर लौटे। इस परिवार से चार पीढ़ियां भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दे रही हैं। सेवानिवृत हुए दोनों भाइयों के दादा, पिताजी, तीनों भाई खुद सेना में रहे हैं और भतीजा भी भारतीय सेना में सेवाएं दे रहा है।

सभी गांववासियों ने दोनों भाइयों को बधाई दी। इस मौके पर विधायक आशीष शर्मा ने कहा कि देश सेवा में अपनी जवानी का जीवन समर्पित कर सेवानिवृत्त होकर लौटे इन दोनों भाइयों ने अपना महत्वपूर्ण योगदान देश सेवा में दिया हैं। पूरे परिवार की चार पीढ़ियां सेना में रही हैं, जिसके लिए हम सब इनके कर्जदार रहेंगे। विधायक आशीष शर्मा ने दोनों भाइयों को आगामी खुशहाल जीवन के लिए शुभकामनाएं दी हैं।












