
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। ज़िला योजना कमेटी होशियारपुर की चेयरपर्सन करमजीत कौर ने पाकिस्तान की ओर से की जा रही नापाक हरकतों की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि भारत अपनी धरती पर आतंकवाद को किसी भी कीमत पर सिर उठाने नहीं देगा और दुश्मन को हर मोर्चे पर मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। करमजीत कौर ने कहा कि पाकिस्तान लगातार भारत में आतंकी घटनाओं को अंजाम देने की साजिशें रचता आ रहा है, लेकिन भारतीय सेना और सुरक्षा बल उसकी हर चाल को नाकाम कर रहे हैं। हाल ही में पहलगाम में हुई आतंकी घटना में भी पाकिस्तान का चेहरा जग जाहिर हुआ है और भारत ने पाकिस्तान के अंदर इन आतंकी ठिकानों को नष्ट कर करारा जवाब भी दिया है। लेकिन पाकिस्तान ने इसके उलट भारत पर हमला करने का जो दुस्साहस किया है, उसको असफल कर सेना ने मुंहतोड़ जवाब दे रही है।

उन्होंने कहा कि इस संकट की घड़ी में पूरा देश एकजुट है और हर भारतीय अपने देश की रक्षा के लिए कुछ भी करने को तैयार है। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और सुरक्षाबलों का मनोबल बढ़ाने की अपील की। उन्होंने ज़िला वासियों से अपील करते हुए कहा कि जिला प्रशासन की ओर से दिए जाने वाले निर्देशों का पूरी तरह से पालन किया जाए। करमजीत कौर ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार भी पूरी तरह सतर्क है। सीमावर्ती इलाकों की स्थिति का जायजा लेने के लिए कैबिनेट मंत्रियों को मौके पर भेजा जा रहा है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां मुकम्मल की जा सकें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंजाब की धरती पर शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए राज्य सरकार और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। करमजीत कौर ने कहा कि भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता पर कोई आंच नहीं आने दी जाएगी और हर भारतीय इसके लिए प्रतिबद्ध है।











