
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। थाना सिटी पुलिस ने एक शिकायत मिलने पर जांच उपरांत पूर्व मंत्री सुन्दर शाम अरोड़ा के करीबी व वार्ड नंबर 4 से पार्षद अशोक मेहरा के खिलाफ प्लाट का ताला तोड़ जबरन कब्जा करने एवं कुछ अन्य आरोपों के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरु कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में रवी अग्रनिहोत्री पुत्र भाग राम निवासी नई आबादी ने पुलिस को बताया कि गौतम नगर गली नंबर 11 में उनके बेटे शोविक अग्निहोत्री जोकि विदेश में रहता है के नाम पर एक प्लाट की रजिस्ट्री 13 मई 2025 को करवाई थी तथा उसका इंतकाल भी उसके नाम पर चढ़ चुका है। लेकिन 21 मई को करीब 11 बजे वार्ड नंबर 4 का पार्षद अशोक मेहरा अपने 4-5 साथियों के साथ उनके बेटे के प्लाट पर आया और कब्जा करने की नियत से ताले तोड़ कर अंदर घुस गए। श्री अग्निहोत्री ने पुलिस को बताया कि उनकी उम्र 75 साल की है और उनकी पत्नी भी बीमार रहती है, जिसका डायलसिस होता है। पार्षद मेहरा उनकी मजबूरी का फायदा उठाते हुए उनके प्लाट पर कब्जा करना चाहता है।
उन्होंने पुलिस को बताया कि प्लाट के साथ लगती कोठी भी उनकी है तथा उन्हें पार्षद द्वारा धमकियां दी जा रही हैं, जिसके चलते उन्हें जान-माल का खतरा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें कुछ होता है तो इसकी सारी जिम्मेजारी पार्षद अशोक मेहरा की होगी। शिकायत देकर पीड़ित पक्ष ने पुलिस से इंसाफ की गुहार लगाई है। शिकायत पर कार्यवाही करते हुए पुलिस ने जांच उपरांत पार्षद मेहरा पर भारतीय न्याय संहिता के तहत 329(3), 3(5) बीएनएस2023 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरु कर दी है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है तथा तथ्यों के आधार पर अगर जरुरत पड़ी तो जुल्म में बढ़ोतरी की जा सकती है।












