
जालंधर (द स्टैलर न्यूज़)। जालंधर में तेज आंधी तूफान ने काफी तबाही मचाई है वहीं इसकी चपेट में आने से कई लोग भी घायल हुए हैं। जानकारी के अनुसार देर शाम वर्कशाप चौंक प्रकाश आईसक्रीम नज़दीक कुछ घंटे के तूफान से एक पेड़ वहां पर लगी रेहड़ियों के ऊपर गिरने के कारण रेहड़ी वाले लोग घायल होने की सूचना मिली है। इसी तरह जूडियो के पास भी लोहे की रेलिंग गिरने की सूचना है और वहां पर 4 से 5 गाड़ियों का नुकसान भी हुआ है। शाम करीब 6 से 6.30 के करीब आए अचानक तेज आंधी तूफान से शहर में धूल ही धूल हो गई। आसमान में अचानक बादल घिर आए और पूरे शहर में काला अंधेरा छा गया।

इस दौरान ट्रैफिक जाम की स्थिति भी देखने को मिली। कुछ देर तक आंधी तूफान चलने के बाद बारिश भी हुई है। वहीं इस दौरान लवकुश चौक पर एक शराब ठेके के ऊपर दीवार व बोर्ड गिरने से एक व्यक्ति घायल हुआ है, जिसे अस्पताल दाखिल करवाया गया है। वहीं सैंट्रल टाऊन में सोलर सिस्टम गिरने से भी 3 से 4 लोगों के घायल होने की सूचना मिली है। पिछले कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से बेशक लोगों ने राहत की सांस ली है, लेकिन शहर में कई जगहों पर भारी नुक्सान भी हुआ है। कई घरों की छत्ते उड़ गई हैं तो कहीं पेड़ गिरने की भी सूचना है।












