Sunday, October 11, 2026
Home Himachal कारनामा: बिल पास करवाने को पक्की सड़क पर अब निर्माण कंपनी ने...

कारनामा: बिल पास करवाने को पक्की सड़क पर अब निर्माण कंपनी ने लगा दिए पत्थर मिट्टी के ढेर, परेशानी में लोग

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट-रजनीश शर्मा। हमीरपुर से मंडी बन रहे नेशनल हाइवे नंबर 03 पर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक गावर कंपनी के करीब 46 करोड़ रुपये के बिल इस लिए रोक दिए गए हैं कि काम की क्वालिटी ठीक नहीं है और समय पर कार्य पूरा नहीं हुआ है। हमीरपुर से लेकर पाड़छू तक बजट का 80 प्रतिशत  खर्च होने के बावजूद 50 प्रतिशत काम पूरा नहीं हो पाया है। जांच एजेंसियां कई जगह से नव निर्मित सड़क के सैंपल ले गई है जिस पर कई आपत्तियां लग चुकी है। एलाइनमेंट, डीपीआर और क्वालिटी को लेकर मीडिया लगातार लोगों की आवाज को प्रकाशित करता रहा है।

Advertisements

ताजा घटना क्रम में हमीरपुर जिला के टौणी देवी पुलिस चौकी से  बारी मंदिर  तक निर्माण कंपनी ने सड़क को पक्का तो कर दिया लेकिन सड़क के दोनों किनारों को मजबूती देने के लिए लेबलिंग नहीं की गई। कम्पनी के करीब 46 करोड़ रूपये के बिल पास नहीं हो रहे हैं । अब खाना पूर्ति के लिए निर्माण कंपनी ने पक्की सड़क पर ही मिट्टी और पत्थरों के ढेर लगा दिए हैं। इससे जहां वाहन चालकों को असुविधा हो रही है वहीं पैदल चलने वाले भी परेशान हैं। निर्माण कंपनी ने बिना रोलर चलाए यह कच्ची मिट्टी पक्की सड़क पर बिछा दी। इससे अब लगातार धूल मिट्टी उड़ रही है। इससे आम जनता और दुकानदार परेशान हैं।

24 को टौणी देवी का  मेला, हाल बेहाल 

24 जून को माता टौणी देवी का वार्षिक मेला लग रहा है। इस वक्त टौणी माता मंदिर के सामने की स्थिति बहुत ही दयनीय बनी हुई है। मंदिर गेट के सामने  कंपनी द्वारा सड़क की लीपापोती की  गई है । यहां श्रद्धालुओं को मंदिर की सीढ़ियां चढ़ने में मुश्किल हो रही है। टौणी देवी स्कूल के पास निर्माणाधीन डंगा गिरने की शिकायत स्कूल प्रशासन द्वारा पुलिस चौकी में दर्ज करवाई गई है लेकिन कार्यवाही अभी तक नहीं हो पाई है। मंदिर कमेटी टौणी देवी अध्यक्ष सरवन कुमार ने चेतावनी दी है कि मेले से पूर्व अगर निर्माण कंपनी ने हालात नहीं सुधारे तो घेराव किया जाएगा। इसकी जिम्मेवारी निर्माण कंपनी की होगी। 

सांसद अनुराग के आदेशों को भी कंपनी दिखा रही ठेंगा

वहीं  पूर्व  केंद्रीय मंत्री एव सांसद अनुराग ठाकुर के सख्त आदेशों को भी निर्माण कंपनी ठेंगा दिखा रही है। टौणी देवी में सांसद अनुराग ने निर्माण कंपनी और एनएचएआई के इंजीनियर्स  को हालात सुधारने, टौणी देवी मंदिर गेट के पास रेन शेल्टर बनाने तथा अधूरे कार्य शीघ्र पूर्ण  करने के आदेश दिए थे। इसके बावजूद हालात बदहाल बने हुए हैं।

बिना डंगे मलबे के ढेर पर बन रहा दरकोटी ठाणा रोड

दरकोटी से ठाणा के बीच बन रहा नेशनल हाईवे बिना डंगे के मलबे के ढेर पर बन रहा है। हाल ही में हुई बारिश से मलबा बहकर लोगों की मलकीयत भूमि में जा चुका है।  बरसात में स्थिति और भयानक हो सकती है। आखिर बिना डंगा लगाए यह सड़क कितनी मजबूत बनेगी, यह एक बड़ा सवाल है।

शीघ्र हटाएंगे मिट्टी: निर्माण कंपनी 

इस बारे निर्माण कंपनी के सुपरवाइजर इंजीनियर मनोज मंडल ने कहा कि पक्की सड़क पर लगे मलबे के ढेर शीघ्र हटा लिए जायेंगे। वहीं हाईवे इंजीनियर अंकित सिंह  ने बताया कि टौणी देवी में मेले से पहले सभी निर्माण कार्य पूर्ण कर लिए जाएंगे। लोगों की परेशानी शीघ्र दूर कर दी जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here