
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एक बड़ी घोषणा कर दी है। 15 अगस्त, 2025 से निजी वाहनों (जैसे कार, जीप, वैन आदि) के लिए 3,000 रुपये मूल्य का फास्टैग आधारित वार्षिक पास जारी किया जाएगा। यह पास एक्टिवेशन की तिथि से एक वर्ष या 200 यात्राओं (जो भी पहले हो) के लिए वैध होगा। यह सुविधा विशेष रूप से गैर-व्यावसायिक वाहनों को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है, ताकि राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुगम और परेशानी मुक्त यात्रा सुनिश्चित की जा सके।

गडकरी ने कहा कि इस पास के लिए जल्द ही NHAI और MoRTH की वेबसाइट और ‘हाईवे ट्रैवल ऐप’ पर एक अलग लिंक उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे पास का एक्टिवेशन और नवीनीकरण सरल और सुविधाजनक हो जाएगा। उन्होंने लिखा, ‘यह नीति 60 किलोमीटर की सीमा के भीतर स्थित टोल प्लाजा के बारे में लंबे समय से चली आ रही चिंताओं को संबोधित करती है और एक ही सुलभ लेनदेन के माध्यम से टोल भुगतान को सहज बनाएगी।’












