Monday, October 5, 2026
Home Hoshiarpur राजनीतिक दल तत्काल करें बूथ लेवल एजेंटों की नियुक्ति: आशिका जैन

राजनीतिक दल तत्काल करें बूथ लेवल एजेंटों की नियुक्ति: आशिका जैन

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। भारतीय निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत आज जिला प्रशासकीय कांप्लेक्स में डिप्टी कमिश्नर-कम-ज़िला निर्वाचन अधिकारी आशिका जैन की अध्यक्षता में जिले के मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों के साथ एक अहम बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूचियों की तैयारी और संशोधन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना था। बैठक में आशिका जैन ने बताया कि चुनाव आयोग की ओर से सभी राजनीतिक दलों को यह सुविधा प्रदान की गई है कि वे हर पोलिंग स्टेशन के लिए बूथ लेवल एजेंट (बी.एल.ए) नियुक्त करें। उन्होंने बैठक के दौरान बूथ लेवल एजेंट की नियुक्ति से जुड़ी विस्तृत प्रक्रिया भी साझा की गई। उन्होंने बताया गया कि प्रत्येक पोलिंग स्टेशन अथवा वोटर लिस्ट के भाग के लिए एक बीएलए नियुक्त किया जा सकता है, जो उस क्षेत्र का पंजीकृत मतदाता होना चाहिए। एजेंट का कार्यकाल तब तक वैध रहेगा जब तक उसकी नियुक्ति रद्द नहीं होती या वह उस क्षेत्र का मतदाता नहीं रहता।

Advertisements

डिप्टी कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि सरकारी, अर्ध-सरकारी या सार्वजनिक उपक्रमों में कार्यरत कोई भी व्यक्ति बीएलए नहीं बन सकता। बीएलए को बीएलओ के साथ तालमेल कर मृतक या स्थानांतरित मतदाताओं की सूची तैयार कर संबंधित फॉर्मेट में प्रस्तुत करनी होती है। उन्होंने कहा कि बीएलए को विशेष कैंपों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहना होगा, जहां बीएलओ उनके सहयोग से दावा-आपत्तियां दर्ज करेंगे। आशिका जैन ने कहा कि यदि कोई राजनीतिक दल बीएलए नियुक्त नहीं करता है, तो वह मतदाता सूची संशोधन के दौरान सामूहिक फॉर्म भी जमा नहीं कर सकता। इसलिए सभी दलों से अनुरोध है कि वे तुरंत बीएलए की नियुक्ति कर रिपोर्ट जिला निर्वाचन कार्यालय और संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रेशन अधिकारी को भेजें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाने में राजनीतिक दलों की भूमिका अहम है। इस मौके पर तहसीलदार (चुनाव) सर्बजीत सिंह, कानूनगो दीपक कुमार, इंडियन नेशनल कांग्रेस से रजनीश टंडन भी मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here