
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। बाला जी क्रांति मंच के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करते हुए संस्थापक बब्बा हांडा ने कुनाल कालिया को मंच का नया सेक्रेटरी (सचिव) और अशोक कुमार को वाइस प्रधान (उपाध्यक्ष) के रूप में नियुक्त किया है। यह नियुक्तियाँ मंच की आगामी योजनाओं और विस्तार को देखते हुए की गई हैं, ताकि संगठन की जमीनी पकड़ को और अधिक सशक्त किया जा सके।

इस अवसर पर मंच के संस्थापक बब्बा हांडा ने कहा कि “बाला जी क्रांति मंच अब युद्ध स्तर पर युवाओं को जोड़ने का काम शुरू करेगा। समाज सेवा, भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज़, और धार्मिक व नैतिक मूल्यों की रक्षा जैसे मुद्दों पर युवाओं को संगठित किया जाएगा।” उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में गांव-गांव और शहर-शहर जाकर संगठनात्मक बैठकों और सदस्यता अभियान की शुरुआत की जाएगी।
जिलाध्यक्ष ईशान मेहरा ने कहा कि देश और समाज को दिशा देने के लिए युवाओं का जागरूक और संगठित होना ज़रूरी है। “बाला जी क्रांति मंच” एक ऐसा प्लेटफॉर्म बनेगा जहां देशभक्ति, सेवा और जनकल्याण की भावना से ओतप्रोत युवा नेतृत्व उभरेगा।
जिलाध्यक्ष ईशान मेहरा ने इस मौके पर दोनों नए पदाधिकारियों को बधाई दी और उम्मीद जताई कि वे मंच की विचारधारा और मिशन को जन-जन तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि संगठन में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए जल्द ही जिला और ब्लॉक स्तर पर भी नई टीमें गठित की जाएंगी।
नई जिम्मेदारी मिलने पर कुनाल कालिया और अशोक कुमार ने मंच के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त करते हुए कहा कि वे पूरी ईमानदारी से संगठन के लक्ष्यों को आगे बढ़ाएंगे और युवाओं को समाजसेवा के कार्यों से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।इस अवसर पर बाला जी क्रांति मंच के सदस्य मौजूद थे।












