
ऊना/दौलतपुर चौक (द स्टैलर न्यूज़)। ऊना तलवाड़ा रेल लाइन का कार्य जोरों पर हैं तथा इस कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए रेलवे विभाग के अधिकारी एवं ठेकेदारों द्वारा दिन रात कार्य किया जा रहा है और उम्मीद जाहिर की जा रही है कि जल्द ही यह लाइन तलवाड़ से जुड़ जाएगी। लेकिन इस बीच कुछेक स्थानों पर धीमी चाल से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

लोगों को 100 मीटर का रास्ता पार करने के लिए करीब 4 किलोमीटर का सफर करने को मजबूर होने के साथ-साथ समय एवं आर्थिक दोनों तरह से नुकसान उठाना पड़ रहा है। दौलतपुर चौक से जौड़बड़ को जाने वाले मुख्य मार्ग में पुल का काम भले ही तेजी से चल रहा है, लेकिन इस स्थान पर अस्थायी सड़क की व्यवस्था न होने के कारण इस मार्ग पर रहने वाले लोगों को भद्रकाली मार्ग से बाया डंगोह होकर अपने गणतव्य एवं घरों तक पहुंचने को विवश होना पड़ रहा है। रेलवे ने पुल बनाए जाने के पास अपने लिए तो अस्थायी रास्ता बनाया है पर आम जनता को वहां से गुजरने की मनाही के बोर्ड लगा रखे हैं। बारिश के कारण वहां की हालत और भी खराब हो जाती है।
जिस कारण जो लोग थोड़ा बहुत रिस्क लेकर वहां से गुजरते भी हैं उन्हें और भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। दूसरी तरफ भद्रकाली मार्ग पर बनी पुली के साथ एक लिंक गली है जो दूसरी तरफ जौड़बड़ मार्ग से मिलती है, लेकिन उसकी चौड़ाई कम होने के कारण अकसर ही चौपहिया वाहन चालक आपस में ही उलझे रहते हैं। जिस कारण उस मार्ग पर लड़ाई झगड़े भी बढ़ने लगे हैं व उस गली में रहने वाले लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। इतना ही नहीं डंगोह से होकर जाने वाला मार्ग भी कई स्थानों से इतना तंग है कि दो चोपहिया वाहन एक साथ वहां से नहीं गुजर सकते तथा पासिंग में काफी परेशानी होती है। इसलिए लोगों ने रेलवे विभाग एवं जिला ऊना प्रशासन से मांग की है कि जब तक पुल का काम पूरा नहीं हो जाता, जब तक किसी अस्थायी मार्ग का प्रबंध किया जाए ताकि लोगों को परेशानियों से न जूझना पड़े।












