
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़), संदीप डोगरा। पिछले लंबे समय से होशियारपुर से हिमाचल तक बनने वाले नैशनल हाईवे के कार्य के रुकने के कारण राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एक तरफ जहां वह लोग परेशान हैं जिनकी जमीनें हाइवे में आई तथा उन्हें आजतक मुआवजा नहीं मिला तो दूसरी तरफ सड़क की दयनीय स्थिति जले पर नमक छिड़क रही है। जिस कारण हालात बद से बदतक बनते जा रहे हैं। जालंधर रोड से टांडा रोड होते हुए नलोईयां चौक की तरफ से जब आप बंजरबाग पहुंचते हैं तो उस मार्ग की दुर्दशा किसी से छिपी नहीं है तथा इतना ही नहीं बंजरबाग चौक टिबड़ेवाला फार्म से चौहाल रोड़ की हालत भी बीच-बीच में इतनी खराब है कि राहगीरों के मुंह से संबंधित विभाग, सरकार और अधिकारियों के लिए तारीफ के शब्द ही निकलते हैं।

अगर आप भी इस मार्ग पर सफर कर रहे हैं तो थोड़ा सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं, वैसे वाहन सावधानी से ही चलाना चाहिए, मगर इस मार्ग पर सफर कर रहे हैं तो सावधानी थोड़ा और बढ़ा दें। बंजरबाग चौक से जैसे ही आप चौहाल रिलायसं इंडस्ट्री के समीप (मामे दा ढाबा के सामने) पहुंचते हैं तो आपका स्वागत सड़क पर पड़ा हुआ बहुत बड़ा गड्ढा करता है तथा अगर आप ध्यानपूर्वक नहीं चलेंगे तो यह गड्ढी आपके लिए हादसे का कारण भी बन सकता है। जिसके चलते आप खुद तो चोटिल हो ही सकते हैं साथ ही किसी अन्य को भी चपेट में लेकर चोटिल कर सकते हैं। इसलिए अपनी सुरक्षा का ध्यान रखते हुए आपको खुद ही ध्यान रखना होगा। क्योंकि, संबंधित विभाग और जिला अधिकारी गहरी नींद में हैं।
अगर ऐसा न होता तो आम जनता की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए गड्ढे को ठीक करवा दिया गया होता। उक्त स्थान से गुजरते समय एक ही ख्याल मन में आता है कि जहां राजनेता सत्तासुख में मगन हैं तो वहीं अधिकारी वर्ग उनकी चाकरी करके अपने फर्ज की इतिश्री करने में। लोगों ने सरकार से मांग की कि उक्त मार्ग पर इस गड्ढे को ठीक करवाने के साथ-साथ हिमाचल सीमा तक सड़क किनारों को ठीक करवाया जाए ताकि कोई अप्रिय घटना न घटे।












