
जम्मू (द स्टैलर न्यूज़)। मूसलाधार बारिश के कारण अमरनाथ यात्रा को स्थगित कर दिया गया है। बालटाल मार्ग पर हुए भूस्खलन में एक महिला तीर्थयात्री की मौत और तीन अन्य के घायल होने के बाद प्रशासन की ओर से चेतावनी जारी की गई है। कश्मीर के संभागीय आयुक्त विजय कुमार भिदुरी ने कहा, ‘पहलगाम और बालटाल दोनों आधार शिविरों से श्री अमरनाथ जी यात्रा 17 जुलाई तक के लिए स्थगित कर दी गई है। पिछले दो दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण दोनों मार्गों पर पटरियों पर मरम्मत कार्य करना जरूरी हो गया है।’

उन्होंने कहा, ‘हालांकि, कल रात पंजतमी शिविर में रुके यात्रियों को बीआरओ और पर्वतीय बचाव दलों की पर्याप्त तैनाती के साथ बालटाल जाने की अनुमति दी जा रही है।’ भिदुरी ने कहा कि सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने काम पूरा करने के लिए पटरियों पर भारी संख्या में लोगों और मशीनों की तैनाती की है ताकि बालटाल और पहलगाम दोनों आधार शिविरों से यात्रा फिर से शुरू की जा सके। उन्होंने कहा, ‘पूरी संभावना है कि दिन के मौसम की स्थिति के आधार पर, यात्रा कल (शुक्रवार) फिर से शुरू हो जाएगी।’










