
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट-रजनीश शर्मा। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण अटारी-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग वाया हमीरपुर-मंडी के निर्माण कार्य में आखिर गावर कंस्ट्रक्शन कंपनी ने सूर्य कंस्ट्रक्शन कंपनी को निर्माण कार्य से साइडलाइन कर दिया है। एनएचएआई मार्थ ने भी इस बात की पुष्टि की है। बचे हुए काम को गावर कंपनी स्वयं करेगी। हालांकि यह प्रक्रिया दो माह पूर्व शुरू हो चुकी थी लेकिन अब सूर्य कंस्ट्रक्शन कंपनी को सबलेट किया ठेका गावर ने रद्द कर स्वयं काम करने का निर्णय लिया है। 40 किलोमीटर का पहला पैकेज हमीरपुर से सरकाघाट के समीप करनोल तक का टेंडर गावर कंस्ट्रक्शन कंपनी को अवार्ड हुआ था लेकिन इसे सूर्य कंस्ट्रक्शन कंपनी को सबलेट करने पर सवाल उठाए गए थे।

दिक्कतें झेल रहे लोग , परेशानी में जन प्रतिनिधि, हालात और बिगड़े
करीब तीन साल से बन रहे नेशनल हाइवे नंबर 3 की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। हमीरपुर से लेकर आवाहदेवी तक बरसात में जगह जगह कीचड़ फैल गया है। कई जगह पानी के तालाब बने हुए हैं। लापरवाह निर्माण कंपनी पर नकेल कसने वाला कोई नहीं दिखा। लोग पिछले तीन साल से परेशान हैं लेकिन सड़क निर्माण को लेकर कोई कड़ी कार्यवाही नहीं हो पा रही थी। लोगों ने तो लोकल जन प्रतिनिधियों की चुप्पी को लेकर भी अंगुलियां उठाना शुरू कर दी थी।
गावर को ठेका सूर्य कर रही निर्माण
नेशनल हाइवे नंबर 03 के खंड 141 किलोमीटर से लेकर 181 किलोमीटर तक का कुल 40 किलोमीटर जोकि हमीरपुर से करनोहल तक है का ठेका मैसर्स गावर कंस्ट्रक्शन लिमिटेड कंपनी को 22 जून,2022 को अवार्ड हुआ जिसकी कॉन्ट्रैक्ट प्राइस 223.272 करोड़ रुपए है। ई पी सी पद्धति से विश्व बैंक की ऋण सहायता से हरित राजमार्ग गलियारा परियोजना तहत यह कार्य 20 दिसंबर, 2024 को पूरा होना था तथा इसके अगले 5 साल तक सड़क का रखरखाव कंपनी ने करना था। यह ठेका सूर्य कंस्ट्रक्शन कंपनी को सबलेट हुआ जिसपर पहले से ही कई सवाल उठ रहे थे इस निर्माणाधीन नेशनल हाईवे की ऑथोरिटी इंजीनियर एजेंसी जोकि एल एन मालवीय इंफ्रा प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड के नाम से है पिछले तीन साल से कहीं नजर नहीं आई।
क्या कहते हैं अधिकारी
इस बारे गावर कंस्ट्रक्शन कंपनी के डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर प्रवीण विक्की ने बताया कि अब गावर कंस्ट्रक्शन कंपनी स्वयं कार्य देख रही है ।। डेंजर साइट्स को जल्दी ठीक किया जा रहा है। हाइवे इंजीनियर अंकित सिंह ने पुष्टि की है कि सूर्य कंस्ट्रक्शन कंपनी से काम वापिस लेकर गावर कंस्ट्रक्शन कंपनी ने स्वयं एनएच 03 का कार्य अपने हाथ ले लिया है। उन्होंने कहा कि काम को तेजी से पूरा करने का प्रयास रहेगा।












