Wednesday, October 21, 2026
Home Hoshiarpur विधायक जिंपा ने किया चोअ व काजवों का निरीक्षण, क्षतिग्रस्त काजवों की मरम्मत...

विधायक जिंपा ने किया चोअ व काजवों का निरीक्षण, क्षतिग्रस्त काजवों की मरम्मत के दिए निर्देश

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। जिले में हाल ही में हुई भारी बारिश और संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए विधायक ब्रम शंकर जिंपा ने शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारियों के साथ होशियारपुर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित चोअ और काजवों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्राकृतिक जलमार्गों की स्थिति का जायजा लेते हुए उन स्थानों की पहचान की जहां बारिश के कारण काजवे क्षतिग्रस्त हुए हैं। निरीक्षण के दौरान विधायक जिंपा ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि क्षतिग्रस्त काजवों की तत्काल मरम्मत की जाए और पक्के व इमरजेंसी प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं ताकि भविष्य में जनजीवन प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि वे इस मुद्दे को लेकर राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री वरिंदर गोयल से पहले ही मुलाकात कर चुके हैं और उन्हें होशियारपुर में बारिश व बाढ़ से हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी दे चुके हैं।

Advertisements

विधायक ने बताया कि संबंधित विभाग इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेज रहा है, ताकि आवश्यक बजट और संसाधन जल्द उपलब्ध कराए जा सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूर्व तैयारी की जाए और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए। विधायक जिंपा ने कहा कि प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह सतर्क है और जनता की सुरक्षा व सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने स्थानीय निवासियों से अपील की कि वे किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन से संपर्क करें और अफवाहों से बचें।

निरीक्षण के दौरान विधायक के साथ चेयरमैन होशियारपुर सहकारी बैंक विक्रम शर्मा, एस.डी.एम. होशियारपुर गुरसिमरनजीत कौर, लोक निर्माण विभाग के एक्सियन गुरमीत सिंह, नायब तहसीलदार होशियारपुर ह्रदयबीर सिंह तथा ड्रेनेज विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here