
मुकेरियां (द स्टैलर न्यूज़)। दो दिन से लापता गांव अब्दुल्लापुर के युवक की लाश गांव बाबूपुर के नजदीक गन्ने के खेतों से मिली। मुकेरियां पुलिस ने परिवारिक सदस्यों के बयानों पर एक व्यक्ति के खिलाफ किया मामला दर्ज। जानकारी देते हुए डीएसपी कुलविंदर सिंह विर्क ने बताया कि हैप्पी पुत्र महिंद्र लाल वासी गांव अब्दुल्लापुर ने बताया कि उनके चाचा बलविंदर कुमार का लड़का सौरव शर्मा आयु 25 साल जो कि खेती का काम करता था। वीरवर 24 जुलाई को अपने मोटरसाइकिल स्प्लेंडर पर सवार होकर सुबह करीब 11.30 बजे यह बताकर गया कि वह किसी काम से अपने दोस्त संदीप कुमार उर्फ सिपी पुत्र सरवन मसीह वासी गांव बाउपुर जा रहा है तथा कुछ समय बाद बापिस आ जाएगा। मगर वह शाम तक घर बापिस नहीं आया तो उसके मोबाइल पर फोन किया मगर फोन बन्द था। परिवारिक सदस्यों ने गांव वासियों के साथ मिलकर सौरव शर्मा की तलाश शुरू कर दी जिसपर उन्हें किसी ने बताया कि सौरव अपने दोस्त संदीप कुमार के साथ मोटरसाइकिल पर घूमता हुआ देखा था।

25 जुलाई को संदीप कुमार उर्फ सिपी को उसके घर जाकर सौरव शर्मा बारे पूछा तो वह साफ मुकर गया कि वह उससे नहीं मिला। परिवारिक सदस्यों ने गांव वालों के सहयोग से गांव बाउपुर, मीरपुर को जाने वाले रास्तों पर सौरव की तलाश की जब गांव में लगे सीसीटीवी कैमरे चैक किए तो उसमें संदीप कुमार उर्फ सिपी मोटरसाइकिल के पीछे सौरव शर्मा को बैठा दिखाई दिया। जब दोबारा संदीप कुमार को इस बारे पूछने उसके घर गए तो वह और उसका परिवार घर से फरार हो गया। आज 26 जुलाई को अपने परिवारिक सदस्यों तथा गांव वासियों के साथ गांव बाउपुर के नजदीक पड़ते दरिया की साइड जंगली व खेतों में सौरव की तलाश की करीब सुबह 11 बजे गन्ने व पापुलर के खेत में उसकी फूली हुई लाश मिली थोड़ी दूरी पर उसका मोटरसाइकिल भी पड़ा था तथा नजदीक एक खाली पानी की बोतल पड़ी थी। हैप्पी ने बताया कि उसके भाई को संदीप कुमार उर्फ सिपी ने अंदरूनी चोट से या फिर कोई जहरीली वस्तु दे कर मारा तथा उसकी लाश को खुरबुर्द करने के लिए खेतों में फेंका है। मुकेरियां पुलिस ने हैप्पी पुत्र महिंदर लाल वासी अब्दुलापुर के बयानों के आधार पर संदीप कुमार उर्फ सिपी पुत्र सरवन मसीह वासी गांव बाउपुर थाना मुकेरियां के खिलाफ मामला दर्ज कर अगली करवाई शुरू कर दी है।












