Wednesday, October 21, 2026
Home National 24 घंटों के दौरान बारिश से हमीरपुर में 2.14 करोड़ से अधिक...

24 घंटों के दौरान बारिश से हमीरपुर में 2.14 करोड़ से अधिक की संपत्ति को नुक्सान: डीसी

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट-रजनीश शर्मा। हमीरपुर जिले के अधिकांश क्षेत्रों में सोमवार आधी रात के बाद और मंगलवार तड़के हुई भारी बारिश के कारण सार्वजनिक और निजी संपत्ति की काफी क्षति हुई है। मंगलवार दोपहर तक जिला एमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (डीईओसी) में प्राप्त सूचनाओं के अनुसार गत 24 घंटों के दौरान जिले भर में 2.14 करोड़ रुपये से अधिक के नुक्सान का अनुमान है।

Advertisements

उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष अमरजीत सिंह ने बताया कि इस मॉनसून सीजन के दौरान जिला हमीरपुर में सरकारी और निजी संपत्ति के नुक्सान का आंकड़ा 103.59 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है।

 इस दौरान जिला में जल शक्ति विभाग को सर्वाधिक 59.95 करोड़ रुपये, लोक निर्माण विभाग को 41.07 करोड़, बिजली बोर्ड को 81.69 लाख और शिक्षा विभाग को 23.68 लाख रुपये की क्षति हुई है। बागवानी विभाग ने विभिन्न फसलों को हुए 18.06 लाख रुपये और कृषि विभाग ने 1.15 लाख रुपये के नुक्सान की रिपोर्ट प्रेषित की है।

 6 कच्चे मकान ध्वस्त हुए हैं, जिससे लगभग 8 लाख रुपये के नुक्सान का अनुमान है। 33 अन्य कच्चे मकानों और 10 पक्के मकानों को आंशिक रूप से क्षति पहुंची है, जिससे लगभग 26.66 लाख रुपये का नुक्सान हुआ है। जिले भर में 78 डंगे भी गिरे हैं, जिनमें लगभग 65.81 लाख रुपये की क्षति हुई है। 51 गौशालाओं के ध्वस्त होने से लगभग 27.23 लाख रुपये का नुक्सान हुआ है।

उन्होंने कहा कि बरसात को देखते हुए सभी जिलावासी विशेष ऐहतियात बरतें और नदी-नालों के पास न जाएं। भूस्खलन की आशंका वाले स्थानों से भी दूर रहें। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here