
ओडिशा (द स्टैलर न्यूज़)। ओडिशा के पुरी जिले से एक शर्मनाक मामला प्रकाश में आया है। जहां समुद्र तट के समीप 19 साल की एक कॉलेज छात्रा के साथ कथित तौर पर गैंगरेप किया गया। प्राप्त जानकारी के मुताबक यह घटना पुरी जिले के ब्रह्मगिरि थाना क्षेत्र में बलिहारचंडी मंदिर के पास हुई है। बताया जा रहा है कि 19 वर्षीय युवती और उसका पुरुष साथी एक साथ कुछ समय बिताने के लिए मंदिर के पास एक जगह गए थे। इस दौरान स्थानीय युवकों ने उनकी तस्वीरें ले ली और वीडियो बना लिया। इसके बाद युवती का सामूहिक बलात्कार किया गया।

युवती की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, पुलिस ने बताया है कि स्थानीय युवकों ने युवती और उसके साथी से पैसे मांगे। जब उन्होंने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो समूह के दो लोगों ने छात्रा के साथ बलात्कार किया। पुलिस के मुताबिक, समूह के अन्य सदस्यों ने गैंगरेप से पहले पीड़िता के साथी के हाथ बांध दिए थे। पुलिस द्वारा तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य की तालाश जारी है।












