
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। होशियारपुर जिले के लिए गर्व का विषय है कि यहां के प्रतिभाशाली पैरा स्विमर कपिल देव ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। 15 से 18 नवंबर 2025 तक हैदराबाद में आयोजित 25वीं पैरा नेशनल चैम्पियनशिप में कपिल देव ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 50 मीटर ब्रैस्ट स्ट्रोक और 100 मीटर ब्रैस्ट स्ट्रोक स्पर्धाओं में सिल्वर मेडल हासिल किए।

कपिल देव ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर यह उपलब्धि हासिल की। वे सर्विसेज क्लब, होशियारपुर में कोच नितीश ठाकुर की देखरेख में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। यह अवसर इसलिए भी विशेष है क्योंकि पहली बार होशियारपुर के किसी पैरा तैराक ने राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में पदक जीतकर इतिहास रचा है।
जिला खेल अधिकारी गुरप्रीत सिंह ने कपिल देव और उनके कोच नितीश ठाकुर को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने आश्वासन दिया कि खेल विभाग की ओर से खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा ताकि वे भविष्य में और भी ऊंचाइयों को छू सकें।
उन्होंने कहा कि कपिल देव का यह प्रदर्शन सभी युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है और आने वाली एशियाई पैरा गेम्स की तैयारियों में उन्हें और अधिक मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित किया गया है।











