Tuesday, November 10, 2026
Home Hoshiarpur दूसरे शहीद भगत सिंह प्रीमियम लीग में एसएसपी-11 ने डीसी-11 को हराया

दूसरे शहीद भगत सिंह प्रीमियम लीग में एसएसपी-11 ने डीसी-11 को हराया

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। जिला क्रिकेट एसोसिएशन की तरफ से पंजाब सरकार द्वारा शुरु किए गए युद्ध नशे विरुद्ध अभियान के तहत लोगों को जागरुक करने उद्देश्य से दूसरी शहीद भगत सिंह प्रीमियम क्रिकेट लीग की आज विधिवत शुरुआत विधायक ब्रमशंकर जिम्पा व मेयर सुरंदर कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय लेकर की। इस अवसर पर इस लीग में भाग ले रहीं टीमों में सोनालीका के कैप्टन अतुल शर्मा, एसएसपी-11 के कैप्टन सुभाष चंद्र, डीसी-11 के कैप्टन तथा कारपोरेशन-11 के कैप्टन संयुक्त कमिशनर संदीप तिवाड़ी ने मुख्य अतिथियों के साथ टूर्नामैंट ट्राफी का अनावरण किया।

Advertisements

इस संबंधी जानकारी देते हुए एचडीसीए सचिव डा. रमन घई ने बताया कि इस लीग का मुख्य उद्देश्य नशे के खिलाफ समाज को जागरुक करना है, जिसके तहत होशियारपुर की सोनालीका-11, डीसी-11, एसएसपी-11 व कारपोरेशन-11 की टीमें इस लीग में भाग लेकर सरकार द्वारा चलाए अभियान में अपना योगदान दे रही हैं। डा. घई ने बताया कि आज शुरुआती मैच एसएसपी-11 व डीसी-11 के बीच खेला गया। उन्होंने बताया कि एसएसपी-11 के कप्तान सुभाष चंद्र ने टॉस जीतकर डीसी-11 को पहले बल्लेबाजी करने का न्यौता दिया। डीसी-11 ने बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 147 रन बनाए, जिसमें कुक्कू ने 52, डा. पंकज शिव ने 22, डा. रुपिंदर संधू ने 21 तथा रजिंदर चड्ढा ने 16 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी करते हुए एसएसपी-11 की ओर से लवप्रीत व राकेश रॉकी ने 2-2 तथा संदीप मिंटू ने 1 खिलाड़ी को आउट किया। 20 ओवरों में जीत के लिए 148 रन का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरी एसएसपी-11 की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 3 विकोट के नुकसान पर 16.1 ओरवों में 152 रन बनाकर सात विकेट से मैच जीत लिया। डा. घई ने बताया कि एसएसपी-11 की ओर से शानदार बल्लेबाजी करते हुए प्रदीप ने 43, संदीप मिंटू ने 42, कप्तान सुभाष चंद्र ने 26 नॉटआउट तथा लवप्रीत सिंह ने 23 रन नॉटआउट का योगदान दिया। डीसी-11 की ओर से गेंदबाजी करते हुए कुक्कू व डा. रोहित रजत ने 1-1 खिलाड़ी को आउट किया।

डा. घई ने बताया कि आज टूर्नामैंट के शुरुआती मैच में मुख्य अतिथि विधायक व पूर्व मंत्री ब्रमशंकर जिम्पा व मेयर सुरिंदर कुमार ने खिलाड़ियों के साथ-साथ मैच देखने आए लोगों को नशे के खिलाफ चलाए जा रहे इस अभियान में योगदान देकर पंजाब को नशा मुक्त करने का आह्वान किया। इस अवसर पर एचडीसीए अध्यक्ष डा. दलजीत खेला ने समूह अतिथियों का धन्यवाद करते हुए उन्हें एचडीसीए की ओर से सम्मानित किया। आज मैच के उद्घाटन समारोह में एचडीसीए के संयुक्त सचिव विवेक साहनी, प्रेस सचिव जतिंदर सूद, जिला कोच दलजीत सिंह, जिला महिला कोच दलिंदर कौर, पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी कुलदीप धामी, जूनियर कोच पंकज पिंका, दवजीत धीमान, निकिता कुमारी, पूर्व खिलाड़ी नरेश कालू, जसवीर सिंह, डा. प्रदीप शर्मा व गुरिंदर सिंह सहित बहुत से खिलाड़ी उपस्थित थे। डा. घई ने बताया कि इस लीग का अगला मैच सोनालीका-11 व कारपोरेशन-11 के बीच खेला जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here